नई दिल्ली। (निहारिका वैष्णव)। शुक्रवार लगभग शाम 5:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली के पुराना किला में SCO फोरम का उद्घाटन करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे, जो 20 से 22 नवंबर तक चलेगा। इसका आयोजन संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य सदस्य देशों के बीच आपसी बातचीत बढ़ाना और उनकी साझा सभ्यता और संस्कृति को सामने लाना है। भारत ने इस फोरम के लिए जिन 25 देशों को न्योता भेजा था, उनमें से 15 ने भागीदारी की पुष्टि की है।
पाकिस्तान के संस्कृति मंत्री की जगह जलवायु मंत्री पधारे भारत
पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए आए, हालांकि भारत की ओर से फोरम का निमंत्रण पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को गया था। पाकिस्तान का दावा है कि वह फोरम के अलग-अलग विषयों पर होने वाली चर्चाओं में हिस्सा लेगा, व SCO के दूसरे सदस्य देशों के प्रतिनिधियों से अलग बातचीत भी करेगा। आखिरी बार कोई पाकिस्तानी मंत्री मई 2023 में भारत आए थे, जब तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी SCO के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए थे।
फोरम में शामिल होंगे चीन, ईरान समेत कई देश
केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के अनुसार भारत द्वारा निमंत्रित 25 देशों में चीन, कजाकिस्तान, ईरान, किर्गिज रिपब्लिक, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस, अजरबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, नेपाल, सऊदी अरब, कंबोडिया, तुर्किये और श्रीलंका शामिल हैं। पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर उम्मीद जताते हुए शेखावत बोले कि दोनों देशों की संस्कृति और सभ्यता का विकास साथ-साथ हुआ है, और 1947 के बंटवारे से उनकी साझा विरासत में अंतर नहीं आ सकता। उन्होंने यह भी कहा कि साझा सभ्यता और मानवीय मूल्यों पर बातचीत करने से देशों और उनके लोगों के बीच बेहतर संबंध और आपसी समझ विकसित होगी।
3,200 साल पुरानी सभ्यता की झलक दिखेगी पुराना किला में
पुराना किला में फोरम के दौरान ‘अस्तित्व- द एसेंस ऑफ आवर एग्जिस्टेंस’ नामक प्रदर्शनी में 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के दिल्ली के इतिहास को पुरातात्विक अवशेषों, कलाकृतियों और वास्तुशिल्प के जरिए दिखाया जाएगा। ASI के संग्रहालय निदेशक वसंत स्वर्णकार बताते हैं कि पुराना किला में करीब 3,000 साल तक लगातार आबादी रहने के प्रमाण मिले हैं जिसमें प्री-मौर्य, महाजनपद, मौर्य, शुंग, कुषाण, गुप्तोत्तर, राजपूत, सल्तनत और मुगल काल से जुड़े अवशेष हैं। इसके अलावा एक विशेष पवेलियन भी बनाया जाएगा जिसका नाम होगा ‘अनंत: ए रेयर 18th सेंचुरी महाभारत स्क्रॉल’। इसमें 18वीं सदी के चित्रों से सजी दुर्लभ महाभारत स्क्रॉल दिखाई जाएगी।
आम लोगों के लिए बंद रहेगा पुराना किला
SCO फोरम और सुरक्षा कारणों की वजह से पुराना किला 18 से 22 नवंबर तक आम जनता के लिए बंद रहेगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा संरक्षित यह ऐतिहासिक स्थल फोरम के बाद आम लोगों के लिए खोला जाएगा। कहा जाता है कि दिल्ली का पुराना किला प्राचीन इंद्रप्रस्थ से जुड़ा है। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के अनुसार, यह जगह भारत की सांस्कृतिक और सभ्यतागत यात्रा की कई परतों को दर्शाती है।



