Saturday, November 21, 2026
HomeLatest Newsकांग्रेस में जिला प्रमुख की कुर्सी पर घमासान, कई दावेदार मैदान में

कांग्रेस में जिला प्रमुख की कुर्सी पर घमासान, कई दावेदार मैदान में

जोधपुर। राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजे आने के बाद अब जोधपुर में जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर कांग्रेस के भीतर सियासी हलचल तेज हो गई है। जिला परिषद में बहुमत मिलने के बाद पार्टी में इस पद के लिए दावेदारों की लंबी सूची सामने आ रही है। कुसुम विश्नोई, प्रमिला चौधरी, राकेश चौधरी, विजयलक्ष्मी पटेल, सरोज कंवर और नेहा चौधरी सहित कई नामों की चर्चा है। वहीं महेंद्र जाखड़ का नाम भी राजनीतिक गलियारों में सामने आया है। जोधपुर में जिला प्रमुख पद के लिए आधा दर्जन से अधिक दावेदारों के सामने आने से कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति में हलचल बढ़ गई है। अब देहात कांग्रेस अध्यक्ष गीता बरवड़ के सामने सभी दावेदारों को साथ लेकर सर्वसम्मति बनाने की चुनौती है।

कुसुम विश्नोई की दावेदारी ने बढ़ाई राजनीतिक हलचल

जिला प्रमुख पद की दौड़ में पूर्व मंत्री रामसिंह विश्नोई के परिवार की दावेदारी भी चर्चा में है। उनकी पुत्रवधू कुसुम विश्नोई को प्रमुख दावेदारों में माना जा रहा है। कुसुम विश्नोई ने जिला परिषद के वार्ड संख्या 22 से जीत दर्ज की है। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी को 2,814 वोटों के अंतर से हराया। इस जीत के बाद उनके समर्थक जिला प्रमुख पद के लिए उनकी दावेदारी को मजबूत बता रहे हैं। कुसुम विश्नोई के पति परसराम विश्नोई और परिवार के अन्य सदस्य भी राजनीतिक स्तर पर समर्थन जुटाने में सक्रिय बताए जा रहे हैं। विश्नोई समाज के नेताओं और समर्थकों की लामबंदी भी इस पूरे घटनाक्रम में चर्चा का विषय बनी हुई है।

पूर्व मंत्री रामसिंह विश्नोई परिवार की राजनीतिक विरासत भी चर्चा में

पूर्व मंत्री रामसिंह विश्नोई के परिवार की जोधपुर की राजनीति में पुरानी पकड़ रही है। इसी राजनीतिक विरासत के आधार पर परिवार जिला प्रमुख पद के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटा बताया जा रहा है। वहीं विक्रम विश्नोई के पूर्व में उप जिला प्रमुख रह चुके होने के कारण परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि भी चर्चा में है। ऐसे में जिला प्रमुख पद की दौड़ केवल व्यक्तिगत दावेदारी तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक समीकरण भी अहम होते जा रहे हैं।

जोधपुर जिला परिषद में कांग्रेस के पास 32 सीटें

जोधपुर जिला परिषद के कुल 43 वार्डों के नतीजे सामने आ चुके हैं। इनमें कांग्रेस ने 32 सीटों पर जीत दर्ज की है। बीजेपी को 8 और RLP को 3 सीटें मिली हैं। जिला प्रमुख बनने के लिए 22 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। ऐसे में कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है। अब पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती जिला प्रमुख पद के लिए एक ऐसे चेहरे पर सहमति बनाने की है, जिसे सभी निर्वाचित सदस्य समर्थन दें।

25 नवंबर को होगा जिला प्रमुख का चुनाव

जोधपुर में जिला प्रमुख पद के लिए 25 नवंबर को चुनाव प्रस्तावित है। इसके बाद 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख का चुनाव होगा। अब सभी की निगाहें कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पार्टी आलाकमान के फैसले पर टिकी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की भूमिका को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं हो रही हैं।

गीता बरवड़ के सामने सर्वसम्मति बनाने की चुनौती

दावेदारों की बढ़ती संख्या ने कांग्रेस के सामने अंदरूनी तालमेल का सवाल खड़ा कर दिया है। देहात कांग्रेस अध्यक्ष गीता बरवड़ के सामने सभी नेताओं और समर्थक सदस्यों को एकजुट रखने की चुनौती है। अब देखना होगा कि कांग्रेस कुसुम विश्नोई, प्रमिला चौधरी या किसी अन्य चेहरे पर भरोसा जताती है। क्या पार्टी सामाजिक समीकरणों को प्राथमिकता देगी या राजनीतिक अनुभव के आधार पर फैसला करेगी? जोधपुर जिला प्रमुख चुनाव से पहले इन सवालों को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हैं।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image