जयपुर। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर आज नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है। टिकट वितरण में देरी के चलते अंतिम दिन बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के पर्चे दाखिल करने की संभावना है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस सहित अन्य दलों के प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय पहुंच रहे हैं। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 31 अगस्त को दोपहर 3 बजे तक चलेगी। अंतिम दिन प्रत्याशियों की संख्या बढ़ने के कारण निर्वाचन कार्यालयों में भीड़ और राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।
अब तक 13 हजार से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में
राज्य में अब तक करीब 13 हजार उम्मीदवार 15,430 नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं। माना जा रहा है कि नामांकन के अंतिम दिन बड़ी संख्या में दावेदार एक साथ पर्चे दाखिल करेंगे और यह आंकड़ा 35 हजार से ज्यादा पहुंच सकता है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दलों में टिकटों को लेकर अंतिम समय तक बैठकों और मंथन का दौर चलता रहा। कई जगह प्रत्याशियों को पार्टी का टिकट देर से मिलने की जानकारी सामने आई। ऐसे में टिकट मिलने के बाद उम्मीदवारों के पास नामांकन दाखिल करने के लिए सीमित समय बचा है।
यह खबर भी पढ़ें:-‘मुर्गा बना दो, वोट नहीं देंगे’, सचिन पायलट के गढ़ टोंक में निकाय चुनाव के बहिष्कार का ऐलान
सिर्फ तीन दिन ही दाखिल हो सके नामांकन
राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 27 अगस्त से 31 अगस्त तक निर्धारित की गई थी। हालांकि बीच में अवकाश होने के कारण उम्मीदवारों को वास्तव में नामांकन दाखिल करने के लिए केवल तीन दिन ही मिले। इनमें 27, 29 और 31 अगस्त शामिल हैं। इसी वजह से अंतिम दिन नामांकन केंद्रों पर उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की भीड़ बढ़ने की संभावना है।
दो चरणों में होगा मतदान
राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण में 9 सितंबर को मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 11 सितंबर को वोट डाले जाएंगे। चुनाव के नतीजे 14 सितंबर को घोषित किए जाएंगे। निकाय चुनाव की अधिसूचना 27 अगस्त को जारी की गई थी।
यह खबर भी पढ़ें:-जयपुर नगर निगम चुनाव: BJP का ‘नारी शक्ति’ पर बड़ा दांव, 145 प्रत्याशियों में 52 महिलाओं को टिकट…देखें पूरी लिस्ट
309 निकायों में चुनी जाएगी नई स्थानीय सरकार
इन चुनावों के जरिए राजस्थान के 309 नगरीय निकायों में नई स्थानीय सरकार का चुनाव होगा। इसके बाद प्रदेश में पंचायत चुनाव कराए जाने की तैयारी है। ऐसे में निकाय चुनाव को स्थानीय स्तर पर राजनीतिक दलों के लिए एक अहम शक्ति-परीक्षण के तौर पर देखा जा रहा है। इस चुनाव में कुल 1 करोड़ 44 लाख 3 हजार 853 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। नअब नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों की असली चुनावी तस्वीर साफ होगी। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी और चुनाव प्रचार का दौर शुरू होगा।



