मुंबई (प्रज्ञा पांडे)। बॉलीवुड के दबंग खान यानि की सलमान खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या नया प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि उनका बदला हुआ लुक है। मुंबई में हुए एक इवेंट के दौरान जब सलमान कैमरे के सामने आए तो उनका अंदाज देखकर कई फैंस चौंक गए। पहले की तुलना में वे काफी दुबले दिखाई दिए, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी सेहत को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। कुछ ही घंटों में सलमान खान के इवेंट के वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गए। वीडियो में उनकी चाल और चेहरे पर नजर आ रही थकान को देखकर कई फैंस ने चिंता जाहिर की। सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल करना शुरू कर दिया कि क्या सलमान किसी स्वास्थ्य समस्या से गुजर रहे हैं? इन चर्चाओं के बीच रविवार देर रात सलमान खान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर कुछ ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरें शेयर कीं। तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा, “आप लोगों की तबीयत कैसी है?” सलमान की इन तस्वीरों ने फैंस को काफी हद तक राहत दी। तस्वीरों में वे पहले वायरल हुए वीडियो की तुलना में ज्यादा फिट और बेहतर नजर आए। हालांकि, कुछ लोगों ने उनकी आंखों के आसपास हल्की थकान को भी नोटिस किया।
दरअसल, सलमान खान शुक्रवार को मुंबई के स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी (SRA) के एक खास कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अथॉरिटी के नए डेटा कलेक्शन एंड वेरिफिकेशन सपोर्ट सेंटर का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में सलमान ने कई लाभार्थियों को उनके नए घरों की चाबियां भी सौंपीं। उनके साथ हमेशा की तरह उनके बॉडीगार्ड शेरा भी मौजूद थे। इसी इवेंट के दौरान रिकॉर्ड किए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए और उनके लुक को लेकर चर्चा शुरू हो गई। सलमान के बदले हुए अंदाज को देखकर कई फैंस भावुक हो गए। एक यूजर ने लिखा कि “सलमान बीमार लग रहे हैं और भगवान उन्हें स्वस्थ रखें।” वहीं, कुछ लोगों ने कहा कि “उनकी आंखों में थकान साफ नजर आ रही है।” एक कमेंट में लिखा गया कि “जो स्टार फिल्मों में अकेले कई लोगों से लड़ता नजर आता है, उसका यह शांत और थका हुआ रूप देखकर चिंता होती है।” हालांकि, कई फैंस सलमान के समर्थन में भी आए। उन्होंने कहा कि उम्र बढ़ना एक सामान्य प्रक्रिया है और सलमान ने बिना किसी दिखावे के खुद को वैसे ही दिखाया, जैसे वे हैं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान जल्द ही फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ में नजर आने वाले हैं। पहले इस फिल्म का नाम ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था। यह फिल्म साल 2020 में गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई झड़प पर आधारित है। फिल्म में सलमान खान भारतीय सेना के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल संतोष बाबू का किरदार निभा रहे हैं, जिन्होंने गलवान संघर्ष के दौरान भारतीय सैनिकों का नेतृत्व किया था। फिल्म का निर्माण सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले सलमान खान ने किया है, जबकि इसका निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं। फिल्म में सलमान के साथ चित्रांगदा सिंह, अभिलाष चौधरी और अंकुर भाटिया भी अहम भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा सलमान खान इन दिनों अपनी अगली एक्शन फिल्म ‘SVC63’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। वामशी पेडिपल्ली के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में पहली बार सलमान खान और नयनतारा की जोड़ी देखने को मिलेगी। फिल्म को दिल राजू की श्री वेंकटेश्वर क्रिएशंस प्रोड्यूस कर रही है और इसे ईद 2027 पर रिलीज करने की तैयारी है। फिलहाल सलमान के नए लुक को लेकर चर्चाएं जारी हैं, लेकिन उनकी हालिया तस्वीरों ने यह जरूर साबित कर दिया है कि ‘भाईजान’ की एक झलक भी उनके करोड़ों फैंस के बीच हलचल पैदा करने के लिए काफी है।



