Hardik Pandya: आईपीएल 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने अपनी फ्रेंचाइजी से अलग होने का मन बना लिया है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक पंड्या ने टूर्नामेंट के दौरान ही फ्रेंचाइजी प्रबंधन को संकेत दे दिया था कि वह अगले सीजन में टीम का हिस्सा नहीं रहना चाहते.
आईपीएल के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि लगातार दबाव, खराब नतीजों और टीम के भीतर चुनौतीपूर्ण माहौल के कारण हार्दिक मानसिक रूप से काफी तनाव में थे. इसके साथ ही वह पीठ की चोट से भी जूझ रहे थे. सूत्रों के अनुसार, जैसे ही मुंबई इंडियंस की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें लगभग समाप्त होती ही उन्होंने टीम प्रबंधन को बताया दिया था कि वह आगे टीम के साथ नहीं रहेंगे.
लगातार हूंटिग का सामना करना पड़ा
हार्दिक 2024 में गुजरात टाइटंस से वापस मुंबई इंडियंस में लौटे थे और उन्हें रोहित शर्मा की जगह कप्तान बनाया गया था. पिछले दो सीजन में हार्दिक को कई मैदानों पर दर्शकों की हूटिंग का सामना करना पड़ा. उन्होंने सार्वजनिक तौर पर कई बार कहा कि यह उनके लिए कठिन दौर रहा, लेकिन उन्होंने हमेशा सकारात्मक बने रहने की कोशिश की.
किस बात ने हार्दिक को सबसे ज्यादा निराश किया
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हार्दिक को सबसे ज्यादा निराशा इस बात से हुई कि टीम के भीतर उन्हें वह सहयोग नहीं मिला जिसकी उन्हें कप्तान के रूप में उम्मीद थी। सूत्रों का दावा है कि ड्रेसिंग रूम का माहौल 2021 के मुकाबले काफी बदल चुका था और सभी वरिष्ठ खिलाड़ी एकमत नहीं थे. ऐसे में टीम का प्रदर्शन भी प्रभावित हुआ.
क्या होगा हार्दिक का अगला कदम ?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि हार्दिक पंड्या का अगला कदम क्या होगा. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वह किसी अन्य फ्रेंचाइजी के साथ ट्रेड के जरिए जुड़ना चाहेंगे या फिर आईपीएल नीलामी का रास्ता अपनाएंगे. हालांकि कई क्रिकेट जानकारों का मानना है कि यदि वह उपलब्ध होते हैं तो कई टीमें उन्हें अपने साथ जोड़ने में दिलचस्पी दिखाएंगी.
कौन होगा मुंबई इंडियंस का कप्तान?
दूसरी ओर मुंबई इंडियंस के सामने भी नेतृत्व को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. अगर हार्दिक टीम छोड़ते हैं तो कप्तानी के लिए रोहित शर्मा एक बार फिर सबसे मजबूत विकल्प माने जा सकते हैं. वहीं भविष्य को ध्यान में रखते हुए तिलक वर्मा जैसे युवा खिलाड़ी को भी नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है.
ये भी पढ़ें: टेस्ला ने Model Y को 9 लाख रुपए कम कीमत में किया लॉन्च, 500 KM की रेंज, कीमत से लेकर जानें तमाम डिटेल्स



