Don 3 Latest Update : मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह (Ranveer Singh) फिल्म ‘धुरंधर’ (Dhurendhar) उनके करियर की सबसे बड़ी गेमचेंजर मानी जा रही है, वहीं दूसरी तरफ ‘डॉन 3’ (Don 3) विवाद ने अभिनेता की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हाल ही में WICE (वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज) ने रणवीर सिंह के खिलाफ ‘नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव’ जारी किया, जिसके बाद इंडस्ट्री में हलचल तेज हो गई। हालांकि फेडरेशन ने साफ किया है कि यह किसी तरह का बैन नहीं है, लेकिन मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। दरअसल, विवाद की जड़ ‘डॉन 3’ से रणवीर सिंह का बाहर होना बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म से अलग होने के बाद निर्माता-निर्देशक फरहान अख्तर (Farhan Akhtar) ने दावा किया था कि प्रोजेक्ट को करीब 45 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है, जिसकी भरपाई की बात भी सामने आई। कहा जा रहा है कि रणवीर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट को समाधान का प्रस्ताव भी दिया था, लेकिन मामला अभी तक सुलझ नहीं पाया है।
इसी बीच अब इस विवाद में सलमान खान (Salman Khan) की एंट्री की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, सलमान खान रणवीर सिंह को काफी पसंद करते हैं और अख्तर परिवार के साथ भी उनके पुराने और अच्छे रिश्ते रहे हैं। ऐसे में उन्होंने दोनों पक्षों को आपसी बातचीत के जरिए विवाद खत्म करने की सलाह दी है, ताकि इस टकराव का असर किसी के भविष्य के प्रोजेक्ट्स पर न पड़े। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, इंडस्ट्री इस मुद्दे पर दो हिस्सों में बंटी नजर आ रही है। कुछ लोग रणवीर के समर्थन में हैं, तो कुछ फरहान अख्तर के पक्ष में खड़े दिखाई दे रहे हैं। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या सलमान खान की मध्यस्थता इस हाई-प्रोफाइल विवाद को खत्म कर पाएगी या नहीं।
सलमान खान सुलझाएंगे डॉन 3 विवाद?
नई रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान अब फरहान अख्तर और रणवीर सिंह के बीच चल रहे ‘डॉन 3’ विवाद को सुलझाने की कोशिश में जुट गए हैं। कहा जा रहा है कि भाईजान चाहते हैं कि यह मामला जल्द से जल्द शांतिपूर्वक खत्म हो, ताकि किसी भी पक्ष को नुकसान न उठाना पड़े। सूत्रों के अनुसार, सलमान खान ने फरहान अख्तर से साफ तौर पर कहा है कि फिल्म इंडस्ट्री में क्रिएटिव मतभेद होना कोई नई बात नहीं है। वहीं उन्होंने रणवीर सिंह का पक्ष भी ध्यान से समझा और दोनों के साथ लंबी बातचीत की। फिलहाल सलमान इस पूरे मामले में एक मेडिएटर की भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं और कोशिश कर रहे हैं कि बातचीत के जरिए समाधान निकाला जाए।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि सलमान ने दोनों पक्षों को इंडस्ट्री और प्रोफेशनल रिश्तों को ध्यान में रखकर सोचने की सलाह दी है। उनका मानना है कि एक बार मामला शांत हो जाए, तो भविष्य में फिर से साथ काम करने की संभावनाएं खुली रहनी चाहिए। हालांकि, इस पूरे विवाद को लेकर सलमान खान की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या भाईजान की पहल फरहान अख्तर और रणवीर सिंह के बीच चल रहे इस हाई-प्रोफाइल विवाद को खत्म कर पाएगी या नहीं।
विवाद पर क्या सोच रहे रणवीर-फरहान?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फरहान अख्तर और रणवीर सिंह ने सलमान खान की सलाह को काफी गंभीरता से लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष अब बिना किसी सार्वजनिक विवाद या टकराव के इस मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि फरहान और रणवीर की टीम इस बात पर विचार कर रही है कि बातचीत के जरिए जल्द से जल्द समाधान निकाला जाए, ताकि मामला कानूनी पेचीदगियों तक न पहुंचे। इंडस्ट्री में बढ़ते तनाव के बीच यह कदम दोनों के प्रोफेशनल रिश्तों के लिए भी अहम माना जा रहा है। कहा जा रहा है कि सलमान खान भी नहीं चाहते कि इस विवाद में किसी तीसरे पक्ष की दखल बढ़े। यही वजह है कि उन्होंने खुद आगे आकर दोनों पक्षों को समझाने और आपसी बातचीत से मामला खत्म करने की पहल की है।



