दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ यानी DUSU चुनाव 2026 के नतीजों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने चार केंद्रीय पदों में से तीन पर जीत दर्ज की है। यश डबास अध्यक्ष, रिया छाबड़ी सचिव और लक्ष्य राज सिंह संयुक्त सचिव चुने गए हैं।
अध्यक्ष पद पर यश डबास को 24,576 वोट मिले, जबकि NSUI के विजय शंकर मीणा को 22,523 वोट मिले। सचिव पद पर रिया छाबड़ी ने 21,650 वोट और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह ने 16,615 वोट हासिल किए।
वहीं, उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने जीत दर्ज की। उन्हें 30,615 वोट मिले। इस जीत के साथ वह DUSU के केंद्रीय पैनल में लंबे अंतराल के बाद जीतने वाले निर्दलीय उम्मीदवार बने हैं।
इस चुनाव में कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI चारों केंद्रीय पदों में से कोई भी पद नहीं जीत सकी। चुनाव में कुल 40.46% मतदान हुआ था।
ABVP के पैनल की जीत के बाद BJP के कई राष्ट्रीय नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर विजयी उम्मीदवारों और ABVP को बधाई दी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी जीत पर शुभकामनाएं दीं। राजनाथ सिंह ने इसे युवाओं के ‘नेशन फर्स्ट’ विचार में विश्वास से जोड़ा, जबकि अमित शाह ने ABVP की विचारधारा और छात्र हितों के प्रति युवाओं के भरोसे का उल्लेख किया।



