Tuesday, May 19, 2026
HomeNational Newsसीएम भजनलाल शर्मा का बड़ा फैसला, अगस्त 2026 तक राजस्थान की सड़कों...

सीएम भजनलाल शर्मा का बड़ा फैसला, अगस्त 2026 तक राजस्थान की सड़कों पर दौड़ेंगी 500 ई-बसें

राजस्थान सरकार प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए तेजी से ई-बस सेवाओं का विस्तार कर रही है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की पहल पर अगस्त 2026 तक 500 ई-बसें और 9 आधुनिक ई-बस डिपो तैयार किए जाएंगे। साथ ही रोडवेज बेड़े में 144 ब्लू-लाइन और 30 एसी स्लीपर बसें भी शामिल होंगी। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि इससे प्रदूषण कम होगा और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी।

Rajasthan E-Bus Scheme : जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) की मंशा के अनुरूप राज्य में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (CM Bhajan Lal Sharma) की ईंधन खपत कम करने एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की अपील के अनुरूप राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इस क्रम में पीएम ई-बस योजना एवं राज्य स्तर पर स्वीकृत योजनाओं के अंतर्गत अगस्त 2026 तक प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन के लिए 500 ई-बसें उपलब्ध करवाई जाएंगी। इन बसों के संचालन के लिए प्रदेश में 9 अत्याधुनिक ई-बस डिपो का निर्माण भी किया जा रहा है। वहीं राज्य में राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के बेड़े में भी विस्तार किया जा रहा है। इसके तहत इस वर्ष अगस्त माह तक 144 ब्लू-लाइन बसें एवं 30 एसी स्लीपर बसें उपलब्ध हो जाएंगी। इससे प्रदेश में रोडवेज सेवाओं को मजबूती मिलेगी तथा लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में शासन सचिवालय मे आयोजित बैठक में ई-परिवहन सेवाओं के विस्तार और प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने बैठक में स्वायत्त शासन विभाग, परिवहन विभाग, जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड तथा राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के अधिकारियों के साथ ई-परिवहन विस्तार योजनाओं पर चर्चा करते हुए प्रदेश में ई-बसों एवं बसों के क्रय की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रदेश के शहरों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए संवेदनशील हैं। राज्य सरकार द्वारा बढ़ते शहरीकरण एवं यातायात दबाव को देखते हुए ई-बसों के संचालन का निर्णय लिया गया है। इससे प्रदूषण में कमी आने के साथ-साथ आमजन को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नई ई-बसों के संचालन से शहरी परिवहन व्यवस्था अधिक सुगम एवं व्यवस्थित होगी। साथ ही ईंधन खपत में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।

बाड़मेर में सफाई व्यवस्था की समीक्षा-

बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा ‘राज-उन्नति’ की 15 मई 2026 को आयोजित पांचवीं समीक्षा बैठक में बाड़मेर शहर के सीमावर्ती क्षेत्रों की सघन आबादी वाली कॉलोनियों में सफाई व्यवस्था से संबंधित परिवेदनाओं के निस्तारण के लिए दिए गए निर्देशों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर, बाड़मेर सुश्री चिनमयी गोपाल ने बताया कि नगर परिषद, बाड़मेर, नगर विकास न्यास, बाड़मेर एवं संबंधित ग्राम पंचायतों के मध्य क्षेत्राधिकार एवं सीमा निर्धारण कर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आदेश जारी कर दिए गए हैं। बैठक में भवानी सिंह देथा, प्रमुख शासन सचिव, परिवहन विभाग, रवि जैन, शासन सचिव, स्वायत्त शासन विभाग, जिला कलक्टर बाड़मेर (वीसी के माध्यम से), पुरुषोत्तम शर्मा, प्रबंध निदेशक, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम एवं जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड तथा आयोजना विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular