Ashutosh Dixit: भारतीय वायुसेना को जल्द ही नया प्रमुख मिलने जा रहा है। केंद्र सरकार ने एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना का 29वां Chief of the Air Staff नियुक्त किया है। वह 31 अक्टूबर 2026 की दोपहर से एयर चीफ मार्शल के पद पर कार्यभार संभालेंगे। मौजूदा वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह इसी दिन सेवानिवृत्त होंगे। सरकारी अधिसूचना के मुताबिक, आशुतोष दीक्षित का कार्यकाल 31 दिसंबर 2028 तक रहेगा।
आशुतोष दीक्षित की नई नियुक्ति के साथ ही राजस्थान से उनका पुराना जुड़ाव भी चर्चा में है। उन्होंने बाड़मेर के उत्तरलाई एयर फोर्स स्टेशन में स्टेशन कमांडर के तौर पर जिम्मेदारी संभाली थी। राजस्थान में उनके कार्यकाल को वायुसेना के महत्वपूर्ण अभियानों और अभ्यासों के लिहाज से अहम माना जाता है।
बाड़मेर के उत्तरलाई एयरबेस से रहा है नाता
आशुतोष दीक्षित का राजस्थान कनेक्शन खास तौर पर बाड़मेर से जुड़ा है। उत्तरलाई एयरबेस पर उनका करीब दो साल का कार्यकाल रहा। यह इलाका पश्चिमी सीमा के लिहाज से भारतीय वायुसेना के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। उत्तरलाई में जिम्मेदारी संभालने के दौरान दीक्षित ने ऑपरेशनल तैयारियों और युद्धाभ्यास से जुड़े दायित्वों को संभाला। उनके इस कार्यकाल को अब राजस्थान के लिए भी गर्व से जोड़ा जा रहा है।
यह खबर भी पढ़ें:-Rajasthan Panchayat Election 2026: पंचायत चुनाव से पहले 10 बड़े प्रतिबंध, नियम तोड़ा तो होगी सख्त कार्रवाई
करीब चार दशक का शानदार सैन्य करियर
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने करीब चार दशक तक भारतीय वायुसेना में सेवा की है। उन्हें 6 दिसंबर 1986 को फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था। वह नेशनल डिफेंस अकादमी, डिफेंस स्टाफ सर्विस कॉलेज, बांग्लादेश और नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र हैं।
वह Experimental Test Pilot और Qualified Flying Instructor भी हैं। उनके नाम 3,500 घंटे से अधिक की उड़ान का अनुभव है। उन्होंने Mirage-2000, MiG सीरीज, Jaguar, Hawk, IL-78 और Tejas समेत कई तरह के विमानों को उड़ाया है।
वाइस चीफ से अब वायुसेना प्रमुख तक का सफर
आशुतोष दीक्षित ने 1 जुलाई 2026 को भारतीय वायुसेना के Vice Chief of the Air Staff का पद संभाला था। इससे पहले वह Central Air Command के Air Officer Commanding-in-Chief और Chief of Integrated Defence Staff जैसे महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं। अब सरकार ने उन्हें वायुसेना के शीर्ष पद की जिम्मेदारी देने का फैसला किया है। वह एयर चीफ मार्शल के पद पर अमर प्रीत सिंह की जगह लेंगे।
ऑपरेशन सिंदूर समेत कई अभियानों का अनुभव
आशुतोष दीक्षित का सैन्य करियर कई महत्वपूर्ण अभियानों और अंतरराष्ट्रीय युद्धाभ्यासों से जुड़ा रहा है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक उन्होंने ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक, Cope India और ऑपरेशन सिंदूर जैसी गतिविधियों में हिस्सा लिया है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी उनका ऑपरेशनल अनुभव महत्वपूर्ण रहा। इसके अलावा वह स्वदेशी लड़ाकू विमान LCA Tejas और भारतीय विमानन परियोजनाओं को बढ़ावा देने से भी जुड़े रहे हैं।
यह खबर भी पढ़ें:-Rajasthan News: महंगाई का एक और झटका, राजस्थान में बढ़े CNG-PNG के दाम, जानिए आपके शहर में कितनी है कीमत
31 अक्टूबर को संभालेंगे वायुसेना की कमान
रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक घोषणा के अनुसार आशुतोष दीक्षित 31 अक्टूबर 2026 की दोपहर से एयर चीफ मार्शल के पद पर कार्यभार संभालेंगे। उनका कार्यकाल 31 दिसंबर 2028 तक निर्धारित किया गया है। उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब भारतीय वायुसेना आधुनिकीकरण, स्वदेशी रक्षा तकनीक और भविष्य के हवाई युद्ध की चुनौतियों पर लगातार जोर दे रही है। ऐसे में करीब 3,500 घंटे की उड़ान, टेस्ट पायलट के अनुभव और विभिन्न रणनीतिक पदों पर काम कर चुके दीक्षित के सामने कई अहम जिम्मेदारियां होंगी।



