US Iran Peace Deal : नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में ईरान के साथ होने वाले शांति समझौते के हस्ताक्षर समारोह में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। यह समझौता हाल के महीनों में दोनों देशों के बीच बढ़े तनाव को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

जेडी वेंस हस्ताक्षर समारोह में अमेरिका का प्रतिनिधित्व करेंगे : ट्रंप
अमेरिकी अखबार ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप और जेडी वेंस पहले ही ईरान के मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बगेर गालिबाफ के साथ समझौते के मसौदे पर डिजिटल हस्ताक्षर कर चुके हैं। रिपोर्ट में एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के हवाले से यह जानकारी दी गई है।
फ्रांस में मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि उपराष्ट्रपति वेंस हस्ताक्षर समारोह में अमेरिका का प्रतिनिधित्व करेंगे। हालांकि, उन्होंने अपने कार्यक्रम को लेकर स्पष्ट जवाब नहीं दिया और कहा कि वह समारोह में शामिल भी हो सकते हैं और नहीं भी। ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि समझौते का पूरा ब्योरा शुक्रवार के बाद सार्वजनिक किया जाएगा।

हस्ताक्षर समारोह की मेजबानी करेगा पाकिस्तान : शहबाज शरीफ
इस बीच, अमेरिकी समाचार चैनल एबीसी न्यूज के कार्यक्रम ‘गुड मॉर्निंग अमेरिका’ में जेडी वेंस ने पुष्टि की कि रविवार को ही समझौते पर डिजिटल हस्ताक्षर किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस सप्ताह के अंत तक समझौते से जुड़ी विस्तृत जानकारी जारी किए जाने की संभावना है। इस समझौते को अंतिम रूप देने में पाकिस्तान और कतर समेत कई देशों ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोमवार को बताया कि 19 जून को स्विट्जरलैंड में आयोजित होने वाले हस्ताक्षर समारोह की मेजबानी पाकिस्तान करेगा।
उधर, ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, रणनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य के शुक्रवार तक पूरी तरह खुलने की उम्मीद है। तेल और गैस की वैश्विक आपूर्ति को सामान्य बनाने के उद्देश्य से बड़े तेल टैंकरों की आवाजाही को प्राथमिकता दी जाएगी। माना जा रहा है कि इस कदम से अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार को राहत मिल सकती है और कच्चे तेल की आपूर्ति पहले की तरह सुचारु हो सकेगी।



