Tuesday, June 16, 2026
HomeIndiaपेपर लीक व्यवस्था की विफलता नहीं, युवाओं के सपनों पर हमला, कोटा...

पेपर लीक व्यवस्था की विफलता नहीं, युवाओं के सपनों पर हमला, कोटा से आंदोलन का बिगुल फूंकेंगे राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कोटा में होने वाले छात्र सम्मेलन से पहले कहा कि पेपर लीक, रद्द परीक्षाएं और अधूरी भर्तियां करोड़ों युवाओं के सपनों पर हमला हैं। कांग्रेस 17 जून से राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करेगी। राहुल गांधी कोटा, प्रयागराज, पटना और दिल्ली में छात्रों से संवाद कर परीक्षा घोटालों पर जवाबदेही की मांग उठाएंगे।

Rahul Gandhi Latest News : नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान के कोटा में आयोजित होने वाले छात्र सम्मेलन से पहले केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पेपर लीक, परीक्षाओं का रद्द होना और अधूरी भर्तियां महज व्यवस्था की नाकामी नहीं हैं, बल्कि ये लाखों युवाओं के सपनों और उनके भविष्य पर सीधा प्रहार हैं। गांधी राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) परीक्षा के पेपर लीक, भारतीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली और बेरोजगारी के विषयों को लेकर छात्र सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसकी शुरुआत 17 जून को कोटा में होगी। इसके बाद प्रयागराज, पटना और दिल्ली में छात्र सम्मेलनों का आयोजन होगा।

पेपर लीक के खिलाफ कोटा से उठेगी युवाओं की आवाज : राहुल गांधी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, देश के हर युवा से मेरी एक बात- आज इस देश में मेहनत का फल नहीं, सपने देखने की सज़ा मिलती है। हर पेपर लीक, हर रद्द परीक्षा, हर अधूरी भर्ती, सिर्फ़ सिस्टम की विफलता नहीं, लाखों सपनों पर प्रहार है। उन्होंने कहा, मैं जानता हूं आप थक चुके हैं। ग़ुस्से में हैं। पर याद रखिए, जब सरकार सुनने को तैयार न हो, तब आवाज ऊंची करनी पड़ती है। इसलिए मैं आप सबको 17 जून को कोटा बुला रहा हूं। यह छात्रों की गूंज है। कांग्रेस नेता गांधी ने कहा, आइए, मिलकर एक ऐसी हुंकार बनें जिसे अनसुना करना नामुमकिन हो। कोटा से शुरुआत, फिर देश के हर कोने तक। ये आपके भविष्य की लड़ाई है। और मैं आपके साथ हूं।

अपनी वेबसाइट पर एक अन्य संदेश में राहुल गांधी ने कहा, ‘आज हमारे देश में मेहनत का सम्मान नहीं हो रहा, बल्कि युवाओं के सपनों को कुचला जा रहा है।’ उन्होंने कहा, ‘हर पेपर लीक, हर रद्द की गई परीक्षा और हर अधूरी भर्ती प्रक्रिया केवल व्यवस्था की विफलता नहीं है, बल्कि करोड़ों युवाओं के सपनों पर हमला है।’ उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों के लिए लड़ने के वास्ते कोटा में आयोजित होने वाली ‘छात्रों की गूंज’ महारैली में शामिल होने का आह्वान किया।

भाजपा छात्रों को सुरक्षित यात्रा तक उपलब्ध नहीं करा सकती : राहुल

गांधी ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा किया, जिसे पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन का बताया गया था। वीडियो में पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों की भीड़ और अव्यवस्था दिख रही थी। अभ्यर्थियों का दावा था कि पर्याप्त ट्रेनें उपलब्ध नहीं कराई गईं। गांधी ने आरोप लगाया कि ‘सरकार अपने अरबपति मित्रों पर अरबों रुपये खर्च करती है, लेकिन छात्रों को सुरक्षित यात्रा तक उपलब्ध नहीं करा सकती।’ हालांकि, इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने कहा कि यह घटना पाटलिपुत्र स्टेशन की नहीं है।

रेलवे ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘यह भी स्पष्ट किया जाता है कि किसी व्यक्ति की मृत्यु के संबंध में किसी भी स्रोत से कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। कृपया ऐसी अफवाहें या भ्रांतियां न फैलाएं। वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की गतिविधियों और स्थिति को देखकर प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि वह किसी चिकित्सीय समस्या या थकावट के कारण अस्वस्थ हो सकता है।’ अपने पोस्ट में राहुल गांधी ने आगे कहा, ‘चुनाव के समय यही सरकार पूरी ताकत लगाकर विशेष ट्रेनें चलाती है, लेकिन परीक्षा देने जा रहे छात्रों के हिस्से में भीड़, घुटन और बेबसी आती है।’ उन्होंने कहा, ‘इससे बड़ा सबूत और क्या हो सकता है कि मोदी सरकार छात्रों की पुकार सुनने तक को तैयार नहीं है। लेकिन मैं वादा करता हूं कि हम यह आवाज उन बहरे कानों तक पहुंचाएंगे। हर छात्र को उसका हक और न्याय मिलेगा।’

कांग्रेस नेता ने कहा कि युवाओं की आवाज अब संघर्ष का बिगुल बनेगी। कांग्रेस ने घोषणा की है कि पेपर लीक और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान के पहले चरण की शुरुआत बुधवार को कोटा से होगी, जहां राहुल गांधी छात्र सम्मेलनों की श्रृंखला को संबोधित करेंगे। पार्टी के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठकर छात्रों को एकजुट करना और प्रभावित युवाओं को अपने अनुभव साझा करने तथा बार-बार होने वाली परीक्षा विफलताओं और पेपर लीक घोटालों के लिए जवाबदेही की मांग करने का मंच प्रदान करना है। राहुल गांधी प्रयागराज (10 जुलाई), पटना (11 जुलाई) और नयी दिल्ली (14 जुलाई) में भी छात्र सम्मेलनों को संबोधित करेंगे। इन कार्यक्रमों में छात्र, प्रतियोगी परीक्षार्थी, युवा संगठन, शिक्षाविद और कथित परीक्षा घोटालों से प्रभावित लोग शामिल होंगे।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image