Monday, June 1, 2026
HomeLatest Newsट्रम्प की दो-टूक: 'समझौता होने तक नहीं हटेगी ईरान की नाकेबंदी'; पलटवार...

ट्रम्प की दो-टूक: ‘समझौता होने तक नहीं हटेगी ईरान की नाकेबंदी’; पलटवार में ईरान बोला-‘हम जंग को तैयार’

अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध की आहट! राष्ट्रपति ट्रम्प ने दो-टूक कहा है कि जब तक समझौता नहीं होता, ईरान की आर्थिक नाकेबंदी जारी रहेगी। दूसरी ओर, ईरान ने झुकने से इनकार करते हुए जंग के लिए पूरी तरह तैयार रहने की चेतावनी दी है।

वॉशिंगटन/तेहरान। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अब अपने चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने साफ कर दिया है कि ईरान के बंदरगाहों पर लगी नाकेबंदी तब तक जारी रहेगी, जब तक तेहरान झुककर समझौता नहीं कर लेता। वहीं, ईरान ने भी कड़े शब्दों में जवाब देते हुए कहा है कि वह किसी भी धमकी से डरने वाला नहीं है और युद्ध के लिए पूरी तरह तैयार है।

ट्रम्प का दावा: ‘नाकेबंदी से तबाह हो रहा है ईरान’

राष्ट्रपति ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि एक हफ्ते पहले शुरू हुई यह नाकेबंदी ईरान की अर्थव्यवस्था को पूरी तरह तबाह कर रही है। उन्होंने आत्मविश्वास जताते हुए कहा, ‘इस संघर्ष में अमेरिका बहुत आगे है और ईरान को जल्द ही बातचीत की मेज पर आना होगा।’ एक रेडियो इंटरव्यू में ट्रम्प ने चेतावनी दी कि यदि ईरान नहीं माना, तो उसे ऐसी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा जो उसने पहले कभी नहीं देखीं।

यह खबर भी पढ़ें:-‘हमें अमेरिका पर भरोसा नहीं’, ईरानी विदेश मंत्रालय बोला- दूसरे दौर की बातचीत की कोई योजना नहीं

ईरान का पलटवार: ‘धमकियों के आगे नहीं झुकेंगे’

ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने ट्रम्प के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अमेरिका युद्धविराम तोड़कर और दबाव बनाकर ऐसी बातचीत चाहता है जहां ईरान को झुकना पड़े। गालिबाफ ने स्पष्ट किया, श्ईरान किसी भी धमकी के साये में बातचीत नहीं करेगा। हमने पिछले दो हफ्तों में जंग के लिए नई और बड़ी तैयारी कर ली है।’

पाकिस्तान में ‘महा-मंथन’ की तैयारी: इस्लामाबाद बन सकता है केंद्र
दोनों देशों के बीच जारी इस जुबानी जंग के बीच कूटनीतिक रास्ते भी तलाशे जा रहे हैं।
ईरानी डेलिगेशन: न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, ईरान का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल आज इस्लामाबाद पहुँच सकता है।
जेडी वेंस की मौजूदगी: ईरानी स्पीकर गालिबाफ ने शर्त रखी है कि वे तभी वार्ता में शामिल होंगे जब अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस वहां मौजूद हों।
अमेरिकी खेमा: जेडी वेंस मंगलवार को पाकिस्तान रवाना हो सकते हैं। उनके साथ विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रम्प के दामाद जेरेड कुशनर भी होंगे।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स
डेडलाइन करीब:
ट्रम्प के मुताबिक ईरान के साथ युद्धविराम बुधवार शाम 8 बजे (अमेरिकी समय) खत्म हो जाएगा। समझौता न होने पर इसे आगे बढ़ाने के आसार कम हैं।
होर्मुज स्ट्रेट में सन्नाटा: होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही बेहद धीमी हो गई है। सोमवार को वहां से केवल 16 जहाज गुजरे।
ईरानी जहाज सीज: अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे ‘टूस्का’ नामक ईरानी जहाज को पकड़ लिया है, जिससे ईरान में भारी नाराजगी है।
लेबनान-इजराइल वार्ता: इजराइल और लेबनान के बीच दूसरे दौर की बातचीत 23 अप्रैल को तय हुई है।
27 जहाज वापस लौटाए: अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, नाकेबंदी के बाद से अब तक 27 जहाजों को ईरानी बंदरगाहों पर जाने से रोककर वापस लौटाया गया है।

यह खबर भी पढ़ें:-ट्रंप टैरिफ पर बड़ा झटका, सुप्रीम कोर्ट ने फैसले को बताया गैरकानूनी, अब लाखों आयातकों को मिलेगा भारी रिफंड और आर्थिक राहत

पाकिस्तान में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने कहा है कि विदेशी प्रतिनिधिमंडलों की सुरक्षा के लिए इस्लामाबाद में ‘सेरेना होटल’ को खाली करा लिया गया है और हजारों अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। ईरान के लिए सुरक्षा एक बड़ी चिंता है क्योंकि हाल के दिनों में उसके कई बड़े अधिकारी हमलों का शिकार हुए हैं।

विवाद: ट्रम्प के ट्वीट से पहले ‘इनसाइडर ट्रेडिंग’ का शक?

बीबीसी की एक रिपोर्ट ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। आंकड़ों के विश्लेषण से पता चला है कि ट्रम्प के बड़े बयानों या घोषणाओं से कुछ मिनट पहले ही फाइनेंशियल मार्केट में अचानक तेज उछाल देखा गया। विशेषज्ञों का मानना है कि यह ‘इनसाइडर ट्रेडिंग’ का मामला हो सकता है, जहां सूचनाएं पहले ही लीक हो रही हैं ताकि ट्रेडर्स करोड़ों डॉलर कमा सकें।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image