Saturday, May 30, 2026
HomeLatest Newsपत्रकार कॉलोनी में 'सोने की खान' के मालिक पर जानलेवा हमला, कार...

पत्रकार कॉलोनी में ‘सोने की खान’ के मालिक पर जानलेवा हमला, कार को रोककर डंडे और सरियों से पीटा

जयपुर की पत्रकार कॉलोनी में आर्टिफिशियल ज्वैलरी कारोबारी राकेश कुमार पर जानलेवा हमला हुआ। बदमाशों ने कैंपर से उनकी कार को टक्कर मारकर रोका और लाठी-सरियों से बेरहमी से पीटा, जिससे उनके हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गया। प्रारंभिक जांच में दुकान के नाम ‘सोने की खान’ को लेकर पुरानी व्यावसायिक रंजिश सामने आई है।

Jaipur News: जयपुर के मानसरोवर स्थित पत्रकार कॉलोनी क्षेत्र में बदमाशों ने एक कारोबारी की कार को कैंपर वाहन से टक्कर मारकर रोका और फिर उस पर लाठी-सरियों से हमला कर दिया. हमले में कारोबारी के हाथ और पैर में फ्रैक्चर हो गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. पूरा विवाद दुकान के नाम से जुड़ा है.

कार रोककर लाठी और सरियों से हमला

जानकारी के मुताबिक, अजमेर जिले के केकड़ी निवासी राकेश कुमार जयपुर में इस्कॉन मंदिर के पास आर्टिफिशियल ज्वैलरी का कारोबार करते हैं. 28 मई की रात करीब 9:30 बजे जब वह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान पत्रकार कॉलोनी इलाके में कैंपर वाहन में सवार कुछ लोगों ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर के कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई. इसके बाद कैंपर से उतरे बदमाशों ने राकेश को कार से बाहर खींच लिया और लोहे की सरियों व लाठियों से बेरहमी से हमला किया. हमले में राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए. राहगीरों की सूचना पर उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.

क्या है पूरा मामला ?

जांच में सामने आया है कि राकेश पहले दिल्ली में राजेश सांगवान और गिर्राज निठारवाल के साथ साझेदारी में व्यापार करते थे. बाद में साझेदारी टूटने के बाद राकेश जयपुर आ गए और ‘सोने की खान’ नाम से अपना व्यवसाय शुरू किया. इसके बाद दूसरे पक्ष ने भी केसर चौराहे के पास मिलते-जुलते नाम से दुकान शुरू कर दी, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद गहराता गया. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी लंबे समय से दुकान का नाम बदलने का दबाव बना रहे थे. इतना ही नहीं, नाम नहीं बदलने पर जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही थीं. इसी विवाद के चलते सुनियोजित तरीके से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है.

पुलिस ने जांच की शुरू

घटना के बाद पीड़ित के भाई ने पत्रकार कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी का भारत दौरा, निहारी ताजमहल की खूबसूरती, कल आएंगी जैसलमेर, जानें पूरा शेड्यूल


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image