Tiffany Trump Jaisalmer Visit: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप अपने पति माइकल बूलोस के साथ फिलहाल भारत यात्रा पर हैं. दिल्ली में उन्होंने अक्षरधाम मंदिर के दर्शन किए और भारतीय संस्कृति की जमकर तारीफ की. उनके साथ अमेरिका के एंबेसडर सर्जियो गौर भी नजर आए. उनके दौरे को लेकर पुलिस-प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं.
Incredible visit to Akshardham Temple 🩵 pic.twitter.com/i4YgLJjKBP
— Tiffany Ariana Trump (@TiffanyATrump) May 29, 2026
ताजमहल की खूबसूरती को निहारा
दिल्ली से टिफनी आगरा पहुंची, जहां उन्होंने ताजमहल की खूबसूरती को निहारा. गाइड रमेश धवन ने टिफनी को ताजमहल के बारे में पूरी जानकारी दी. उन्होंने ताजमहल के इतिहास, इसके निर्माण और इससे जुड़ी खास बातों के बारे में बताया. ताजमहल का भ्रमण पूरा करने के बाद टिफनी ट्रंप आगरा के प्रसिद्ध होटल अमर विलास पहुंचीं. यहां उनके लिए लंच का इंतजाम किया गया है. बताया जा रहा है कि वह होटल के उसी कमरे में ठहरी हैं, जहां से ताजमहल का शानदार दृश्य दिखाई देता है.
#WATCH | US President's daughter Tiffany Trump and his son-in-law, Michael Boulos, arrive in Agra, Uttar Pradesh. pic.twitter.com/sNPZ3AVjeE
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) May 30, 2026

जैसलमेर क्या रहेगा टिफनी का कार्यक्रम
रविवार यानि 31 मई को टिफनी ट्रंप आगरा के खेरिया एयरपोर्ट से अपने विशेष चार्टर्ड प्लेन से उड़ान भरकर जैसलमेर पहुंचेंगी. उनके दौरे को लेकर प्रशासन ने सभी जरूरी तैयारियां कर ली हैं. जैसलमेर का पर्यटन विभाग भी इस खास मेहमान के स्वागत के लिए पूरी तरह से तैयार है. जैसलमेर दौरे के दौरान टिफनी प्रसिद्ध सोनार किले देखने जा सकती हैं. जैसलमेर के विश्व प्रसिद्ध सम के रेतीले धोरों पर टिफनी ट्रंप सूर्यास्त का आनंद ले सकती हैं. यहां वे पारंपरिक राजस्थानी कालबेलिया नृत्य, लांगा-मांगणियार लोक गायकों की जुगलबंदी और ऊंट की सवारी का आनंद ले सकती हैं.
सुरक्षा को लेकर पुख्ता बंदोबस्त
टिफनी ट्रंप की भारत यात्रा को लेकर अमरीका की खुफिया एजेंसी की एडवांस सिक्योरिटी टीम पिछले कई दिनों से भारत में डेरा डाले हुए है और उन्होंने स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर पूरे रूट का सुरक्षा ऑडिट किया है. राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जैसलमेर एसपी और कलेक्टर ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त लागू कर दिए हैं. टिफनी जैसलमेर के किस आलीशान हेरिटेज होटल या लग्जरी डेजर्ट रिसॉर्ट में रुकेंगी और उनका काफिला किस रास्ते से गुजरेगा, इन तमाम जानकारियों को पूरी तरह से गोपनीय रखा गया है.

ट्रंप और मार्ला मेपल्स की बेटी हैं टिफनी
गौरतलब है कि टिफनी ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पूर्व पत्नी मार्ला मेपल्स की बेटी हैं. वह सिंगर हैं. टिफनी ने वर्ष 2020 में जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी लॉ सेंटर से कानून की पढ़ाई कंप्लीट की थी. टिफनी के पति माइकल बुलोस एक अमेरिकी-लेबनानी बिजनेसमैन हैं और दोनों की शादी 12 नवंबर 2022 को हुई थी.



