Saturday, May 30, 2026
HomeLatest News15 साल के वैभव सूर्यवंशी को जल्द मिल सकता है टीम इंडिया...

15 साल के वैभव सूर्यवंशी को जल्द मिल सकता है टीम इंडिया में मौका! कुमार संगकारा ने दिया बड़ा बयान

राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम के लिए तैयार बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों के खिलाफ उनका प्रदर्शन असाधारण रहा है। संगकारा को भरोसा है कि वैभव को जल्द टीम इंडिया से बुलावा मिलेगा और वह भविष्य में बड़ा सितारा बनेंगे।

Kumar Sangakkara on Vaibhav Suryavanshi : मुल्लांपुर। श्रीलंका के महान क्रिकेटर और राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा का मानना है कि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में अपने प्रदर्शन से साबित कर दिया है कि वह भारतीय टीम के लिए खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। संगकारा के अनुसार, दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों के खिलाफ जिस आत्मविश्वास और आक्रामकता के साथ वैभव ने बल्लेबाजी की है, वह उनकी असाधारण प्रतिभा का प्रमाण है। महज 15 वर्ष की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल के अपने पहले पूर्ण सत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए 237.31 की विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और लगातार रन बनाने की क्षमता ने उन्हें इस सीजन के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है।

दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों के खिलाफ सूर्यवंशी का प्रदर्शन

सूर्यवंशी ने जसप्रीत बुमराह, कगिसो रबाडा और पैट कमिंस जैसे दुनिया के शीर्ष गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी कर अपनी असाधारण प्रतिभा का परिचय दिया है। उनके प्रदर्शन ने इस धारणा को और मजबूत किया है कि वह लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट की सेवा कर सकते हैं। सुनील गावस्कर सहित कई पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों की सराहना मिलने के बाद संगकारा ने भी संकेत दिया कि सूर्यवंशी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सर्वोच्च स्तर पर खेलने के लिए तैयार हैं।

आईपीएल से राजस्थान रॉयल्स के बाहर होने के बाद संगकारा ने कहा, “किसी खिलाड़ी के बारे में तब तक निश्चित तौर पर नहीं कहा जा सकता कि वह तैयार है या नहीं, जब तक वह उस स्तर पर खेल नहीं लेता। लेकिन वैभव ने दुनिया के कुछ सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों के खिलाफ जो प्रदर्शन किया है, उसे देखते हुए मुझे लगता है कि वह किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। मुझे पूरा विश्वास है कि उसे बहुत जल्द भारतीय टीम से बुलावा मिलेगा।” उन्होंने कहा कि सूर्यवंशी ने पूरे सत्र में परिपक्व बल्लेबाजी की और सलामी बल्लेबाज के रूप में अपनी जिम्मेदारी शानदार ढंग से निभाई।

सूर्यवंशी को जल्द मिल सकता है टीम इंडिया में मौका

श्रीलंका के पूर्व कप्तान ने कहा, “उसने काफी परिपक्वता के साथ बल्लेबाजी की है। इस सत्र में उसने हमारे लिए सलामी जोड़ी की जिम्मेदारी बखूबी संभाली है।” भारत की अगली टी20 श्रृंखला जून के आखिर में आयरलैंड के खिलाफ खेली जानी है और ऐसी संभावना जताई जा रही है कि सूर्यवंशी को उसी दौरे पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका मिल सकता है। युवा बल्लेबाज ने परिस्थितियों के मुताबिक ढलने की क्षमता भी दिखाई है। एलिमिनेटर मुकाबले में 29 गेंदों पर 97 रन की विस्फोटक पारी खेलने के बाद उन्होंने शुक्रवार को 47 गेंदों पर 96 रन बनाकर दिखाया कि परिस्थितियों के अनुरूप अपनी बल्लेबाजी शैली बदलने की क्षमता भी उनमें है।

संगकारा ने कहा कि राजस्थान रॉयल्स को सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर बेहद गर्व है और टीम चाहती है कि वह आगे भी बेखौफ और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते रहें। उन्होंने कहा, “हमें उनके इस सत्र के प्रदर्शन पर बहुत गर्व है। हम चाहते हैं कि वह इसी इरादे और बेखौफ मानसिकता के साथ खेलते रहें तथा लगातार बेहतर होते रहें। मेरा मानना है कि आने वाले वर्षों में वह और भी बेहतर खिलाड़ी बनेंगे।” आईपीएल के दो सत्रों के बीच सूर्यवंशी के विकास की योजना के बारे में पूछे जाने पर संगकारा ने कहा कि फ्रेंचाइजी अपने सभी खिलाड़ियों के लिए व्यक्तिगत विकास कार्यक्रम तैयार करती है, जिसमें फिटनेस, क्षेत्ररक्षण और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा, “हम अपने सभी खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग योजनाएं बनाते हैं। वैभव के मामले में भी यही प्रक्रिया अपनाई जाएगी। हम अपनी मेडिकल टीम के साथ बैठकर उनकी जरूरतों का आकलन करेंगे और उन्हें हरसंभव सहयोग देंगे।”

संगकारा ने बताया कि राजस्थान रॉयल्स अपने प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से सूर्यवंशी को अभ्यास के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराएगी। नागपुर के निकट तालेगांव स्थित टीम की सुविधाओं में भी उन्हें नियमित अभ्यास का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा, “हम केवल वैभव ही नहीं, बल्कि अपने सभी खिलाड़ियों पर करीबी नजर रखेंगे और उनके विकास में मदद करेंगे।” सूर्यवंशी जैसे स्वाभाविक और बेफिक्र अंदाज में खेलने वाले खिलाड़ी को अलग तरीके से प्रशिक्षित करने के सवाल पर संगकारा ने कहा कि टीम प्रबंधन उनके दिमाग पर अनावश्यक जानकारी का बोझ नहीं डालना चाहता। उन्होंने कहा, “हम उनके दिमाग में बहुत ज्यादा बातें नहीं भरते। वह टीम की सभी बैठकों में शामिल होते हैं, अपनी राय रखते हैं, ध्यान से सुनते हैं और काफी तैयारी भी करते हैं। वह गेंदबाजों के वीडियो देखते हैं, उन्हें समझते हैं और मैचों के लिए खुद को अच्छी तरह तैयार करते हैं।” दूसरे क्वालीफायर के दौरान सूर्यवंशी के हेलमेट पर गेंद लगने की घटना का जिक्र करते हुए संगकारा ने कहा कि किसी भी बल्लेबाज के लिए ऐसी स्थिति डरावनी हो सकती है, लेकिन राहत की बात यह है कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image