Karnataka New CM News : बेंगलुरु। कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया के बीच कांग्रेस विधायक दल ने सर्वसम्मति से डी.के. शिवकुमार को अपना नया नेता चुन लिया है। निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने विधायक दल की बैठक में शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर ने समर्थन किया। बैठक में मौजूद सभी विधायकों ने प्रस्ताव का एकमत से समर्थन किया, जिसके बाद डी.के. शिवकुमार को कांग्रेस विधायक दल के नए नेता चुने गए। इस फैसले के साथ ही उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया।

सिद्धारमैया के प्रस्ताव पर डीके शिवकुमार बने विधायक दल के नेता
कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी आलाकमान ने विधायक दल के नेता के रूप में डी.के. शिवकुमार के नाम का सुझाव दिया था। वेणुगोपाल ने बताया कि विधायक दल की बैठक में निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने डी.के. शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. जी. परमेश्वर ने समर्थन किया। इसके बाद विधायक दल ने इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस विधायक दल की एकजुटता और सामूहिक निर्णय का प्रतीक है। सभी विधायकों ने एकमत होकर डी.के. शिवकुमार के नेतृत्व पर भरोसा जताया और उन्हें विधायक दल का नया नेता चुना। के.सी. वेणुगोपाल ने गर्व के साथ घोषणा करते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक दल ने सर्वसम्मति से डी.के. शिवकुमार को अपना नेता चुना है। इसके साथ ही उनके कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
3 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे डी.के. शिवकुमार
कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन के बाद डी.के. शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो गई है। कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने जानकारी दी कि शिवकुमार सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राजभवन रवाना हो रहे हैं। वेणुगोपाल के अनुसार, डी.के. शिवकुमार 3 जून की शाम को मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। इस दौरान उनके साथ नई मंत्रिपरिषद के कुछ सदस्य भी शपथ ग्रहण कर सकते हैं। कांग्रेस विधायक दल द्वारा सर्वसम्मति से नेता चुने जाने के बाद शिवकुमार का मुख्यमंत्री बनना तय हो गया था। अब शपथ ग्रहण समारोह के साथ कर्नाटक में कांग्रेस सरकार का नया अध्याय शुरू होगा, जिस पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं।
कांग्रेस विधायक दल ने सिद्धारमैया के योगदान की सराहना की
कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी के भीतर नेतृत्व परिवर्तन को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं और कुछ लोगों को लग रहा था कि यह बदलाव कांग्रेस के लिए चुनौती बन सकता है। हालांकि, पार्टी ने एकजुटता का परिचय देते हुए इस प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया। वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस एक बड़ा परिवार है और इसी भावना के साथ कांग्रेस विधायक दल ने पिछले आठ वर्षों में मुख्यमंत्री के रूप में सिद्धारमैया द्वारा दी गई सेवाओं और नेतृत्व की सर्वसम्मति से सराहना की है। उन्होंने बताया कि सिद्धारमैया के सम्मान में पारित प्रस्ताव किसी अन्य नेता ने नहीं, बल्कि स्वयं डी.के. शिवकुमार ने पेश किया था। प्रस्ताव में सिद्धारमैया को कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में उनके उत्कृष्ट कार्य और राज्य के विकास में योगदान के लिए बधाई दी गई।



