वॉशिंगटन डीसी |अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने पेट्रोल बेचने वाली कंपनियों से तुरंत ईंधन की कीमतें कम करने की मांग की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर कहा कि कच्चे तेल की कीमत घटकर 68 डॉलर प्रति बैरल रह गई है, लेकिन इसका लाभ अब तक आम ग्राहकों तक नहीं पहुंचा है।ट्रम्प ने आरोप लगाया कि तेल कंपनियां ग्राहकों से जरूरत से ज्यादा कीमत वसूल रही हैं। उन्होंने कंपनियों से पेट्रोल की कीमत लगभग 2.50 डॉलर प्रति गैलन तक लाने की अपील की और चेतावनी दी कि यदि जल्द दाम नहीं घटाए गए तो उन्हें कानूनी कार्रवाई और जांच का सामना करना पड़ सकता है।
हाल के दिनों में अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़े तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई थी। हालांकि अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल सस्ता हो चुका है, लेकिन कई जगह खुदरा स्तर पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अपेक्षित कमी नहीं आई है।इसी बीच होर्मुज स्ट्रेट को लेकर भी कूटनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। ईरान और ओमान के बीच जहाजों की आवाजाही और समुद्री प्रबंधन को लेकर बैठक हुई, जबकि फ्रांस और ईरान के विदेश मंत्रियों ने भी क्षेत्रीय सुरक्षा और समझौते के क्रियान्वयन पर चर्चा की। वहीं UAE ने लेबनान के लिए अपने नागरिकों पर लगा यात्रा प्रतिबंध हटा दिया है।
दूसरी ओर, अमेरिका और ईरान के बीच प्रस्तावित दोहा वार्ता पर भी नजरें टिकी हैं। ट्रम्प ने कहा कि यह बातचीत महत्वपूर्ण भी साबित हो सकती है और नहीं भी। फिलहाल वैश्विक तेल बाजार और पश्चिम एशिया की स्थिति पर दुनिया की नजर बनी हुई है।



