Lucknow Expressway Accident: यूपी के आगरा-लनखऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा हो गया. जहां शुक्रवार तड़के वॉल्वो बस और ट्रक में भिड़ंत हो गई. टक्कर के बाद बस में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों से घिर गई. जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं.
हादसे के समय 32 यात्री थे सवार
पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त बस में 32 यात्री सवार थे. आग लगते ही बस में अफरा-तफरी का माहौल हो गया. यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई. घटना की सूचना पर पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. आग बुझने के बाद पता चला कि हादसे में बस ड्राइवर की मौत हो गई. वहीं इलाज के दौरान घायल परिचालक ने भी दम तोड़ दिया.
12 यात्रियों की हालत गंभीर
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद घायल यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है. करीब 12 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.



