Delhi Weather News: दिल्ली में गर्मी के तेवर लगातार तीखे होते जा रहे हैं. आसमान से दिन में आग बरस रही है, तो रात में भी गर्मी से राहत मिलती नहीं नजर आ रही. बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात राजधानी में 14 सालों बाद मई की सबसे गर्म रात दर्ज की गई. इसके साथ ही शहर के कई हिस्सों में लगातार चौथे दिन भी लू की स्थिति बनी रही.
IMD के अनुसार, दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.2 डिग्री अधिक है. यह तापमान पिछले दिन की तुलना में भी 3.6 डिग्री ज्यादा रहा.
गर्मी ने तोड़ा 14 साल का रिकॉर्ड
मौसम विभाग ने बताया कि इससे पहले मई महीने में इतनी गर्म रात 26 मई 2012 को दर्ज की गई थी, जब न्यूनतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. यानी करीब 14 साल बाद दिल्ली ने इतनी तपती रात देखी है.
दिन के समय भी हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं. राजधानी के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है.
आज भी दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट
IMD ने शुक्रवार के लिए दिल्ली में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है. विभाग के मुताबिक, न्यूनतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. साथ ही लू चलने का पूर्वानुमान भी जताया गया है.
अगले एक सप्ताह बनी रह सकती लू की स्थिति
आने वाले दिनों को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले एक सप्ताह तक राजधानी में लू की स्थिति बनी रह सकती है. लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, ट्रक और बस की भिड़ंत के बाद लगी आग, 2 लोग जिंदा जले



