जयपुर। राजस्थान में चुनाव ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर जयपुर पुलिस कमिश्नर ने सख्त कार्रवाई की है। आधिकारिक आदेश के बावजूद निर्वाचन ड्यूटी पर उपस्थित नहीं होने और लंबे समय से बिना अनुमति अनुपस्थित रहने के मामले में चार प्रशिक्षु कांस्टेबलों को सेवा से पृथक कर दिया गया है। जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही को गंभीर मानते हुए यह कार्रवाई की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस बल में अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है। चुनाव जैसी महत्वपूर्ण ड्यूटी के आदेश के बावजूद गैरहाजिर रहना अनुशासनहीनता की पराकाष्ठा है।
यह खबर भी पढ़ें:-गहलोत का शिखर अग्रवाल मामले में बड़ा आरोप, बोले- CBI और ED से हो जांच, सिर्फ APO करने से काम नहीं चलेगा
इन चार कांस्टेबलों पर हुई कार्रवाई
पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) अनुष्ठा कालिया ने सेवा से पृथक करने के आदेश जारी किए हैं। कार्रवाई की जद में आए चार रिक्रूट कांस्टेबलों के नाम इस प्रकार हैं:
- लोकेश कश्यप, रिक्रूट कांस्टेबल 10033
- विजय सिंह, रिक्रूट कांस्टेबल 4049
- मोहरी लाल, रिक्रूट कांस्टेबल 7997
- बजरंग लाल, रिक्रूट कांस्टेबल 7346
यह खबर भी पढ़ें:-पहर 1 बजे तक 44.68% मतदान, बीकानेर और बाड़मेर में बंपर वोटिंग, मूंडवा में सबसे कम मतदान
पुलिस कमिश्नर ने क्यों लिया सख्त फैसला?
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के अनुसार, किसी भी पुलिसकर्मी की अनधिकृत गैरहाजिरी से ड्यूटी व्यवस्था प्रभावित होती है। इससे पुलिस बल के अनुशासन पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। उन्होंने साफ किया कि निर्वाचन जैसी संवेदनशील जिम्मेदारी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस कार्रवाई के जरिए जयपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ड्यूटी में अनुशासनहीनता और बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।



