बारां। राजस्थान के बारां जिले के अंता में करीब 4 क्विंटल वजनी तिजोरी चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 10-10 हजार रुपये के इनामी दो हार्डकोर अपराधियों गिर्राज पारदी और रामदास पारदी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को मध्य प्रदेश की गुना जिला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर गिरफ्तार किया गया। इस मामले में अब तक कुल 6 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
घर का ताला तोड़कर उठा ले गए थे भारी-भरकम तिजोरी
पुलिस के अनुसार, वारदात 6 जुलाई 2026 की रात की है। अज्ञात बदमाशों ने अंता थाना क्षेत्र में एक मकान का मुख्य गेट और गैलरी का ताला तोड़कर प्रवेश किया था। इसके बाद पूजा कक्ष में रखी करीब 4 क्विंटल वजनी तिजोरी चोरी कर ले गए थे। तिजोरी में लगभग 5.50 लाख रुपये नकद, दो सोने की चेन, तीन सोने की अंगूठियां और संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण रजिस्ट्री दस्तावेज रखे हुए थे। इसके अलावा अलमारी से भी 7 हजार रुपये नकद चोरी किए गए थे। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
गुना जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाई पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिर्राज पारदी और रामदास पारदी की संलिप्तता सामने आई। जांच में पता चला कि दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के गुना जिले में दर्ज एक अन्य मामले में गिरफ्तार होकर जिला जेल में बंद हैं। इसके बाद बारां पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर दोनों को गुना जेल से अंता लाया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
गिर्राज पर 7 तो रामदास पर 16 आपराधिक मामले
पुलिस के मुताबिक, गिर्राज पारदी के खिलाफ राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में चोरी, डकैती, नकबजनी, मारपीट और हत्या के प्रयास सहित 7 मामले दर्ज हैं। वहीं रामदास पारदी के खिलाफ दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात में चोरी, डकैती, नकबजनी, मारपीट और हत्या के प्रयास के कुल 16 प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों से वारदात में शामिल अन्य साथियों और चोरी की गई तिजोरी व सामान के संबंध में पूछताछ कर रही है।



