Friday, October 30, 2026
HomeIndiaबद्रीनाथ से देहरादून जा रहा हेलिकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 6 लोगों की...

बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा हेलिकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 6 लोगों की मौत; सभी शव बरामद

उत्तराखंड के जोशीमठ के पास शुक्रवार को बड़ा हेलिकॉप्टर हादसा हो गया। बद्रीनाथ से देहरादून आ रहा एक निजी कंपनी का हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

उत्तराखंड। उत्तराखंड के जोशीमठ के पास शुक्रवार को बड़ा हेलिकॉप्टर हादसा हो गया। बद्रीनाथ से देहरादून आ रहा एक निजी कंपनी का हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत हो गई। रेस्क्यू टीम ने सभी के शव बरामद कर लिए हैं।
उड़ान के दौरान टूटा संपर्क, ट्रैकिंग सिस्टम से भी गायब हुआ हेलिकॉप्ट जानकारी के मुताबिक, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के हेलिकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:14 बजे बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा के लिए उड़ान भरी थी। जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान अचानक हेलिकॉप्टर का संपर्क टूट गया। इसके बाद ट्रैकिंग सिस्टम पर भी उसकी लोकेशन मिलनी बंद हो गई।

पायलट समेत 6 लोग थे सवार
हेलिकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु के अलावा पांच यात्री सवार थे। इनमें प्रतापा, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एचएस नटराज शामिल थे। सभी यात्री बेंगलुरु के बताए जा रहे हैं। आपदा प्रबंधन विभाग को जेपी डैम के ऊपर जंगल में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दो हेलिकॉप्टरों की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया और दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर का मलबा खोजा गया।

खराब मौसम के बीच हुआ हादसा, सभी उड़ानें रोकी गईं
हादसे के समय उत्तराखंड के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी के कारण मौसम खराब था। एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलिकॉप्टरों की उड़ानें रोक दी गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जताते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिया है।

10 साल में उत्तराखंड में 13 हेलिकॉप्टर हादसे
केंद्र सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, 2016 से 2026 के बीच उत्तराखंड में 13 हेलिकॉप्टर हादसे हुए, जिनमें 27 लोगों की जान गई। वहीं, 2020 से 2025 के बीच देशभर में हेलिकॉप्टर से जुड़े 12 बड़े हादसों में 30 लोगों की मौत हुई थी।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image