TMC Crisis: पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा भूचाल आ गया है. TMC विधायकों के बाद पार्टी के लोकसभा सांसदों ने भी बगावत कर दी है. ऐसे 19 सांसदों की लिस्ट भी सामने आई है जिन्होंने बागी रुख अपनाते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को एक पत्र सौंपा है.
शत्रुघ्न सिन्हा, यूसुफ पठान समेत 19 नाम शामिल
इस सूची में शत्रुघ्न सिन्हा, पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान, सायोनी घोष, माला रॉय और रचना बनर्जी जैसे चर्चित नाम शामिल बताए जा रहे हैं. हालांकि, तृणमूल कांग्रेस की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. TMC के लोकसभा में कुल 28 सांसद हैं और यदि 19 सांसद वास्तव में अलग गुट बनाते हैं, तो यह संख्या दल-बदल विरोधी कानून के तहत आवश्यक दो-तिहाई आंकड़े के करीब या बराबर मानी जा रही है.
बागी सांसदों ने बनाई ये रणनीति
सूत्रों का दावा है कि बागी सांसद फिलहाल न तो पार्टी से इस्तीफा देंगे और न ही औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल होंगे. उनकी रणनीति NDA समर्थक एक अलग संसदीय समूह के रूप में कार्य करने की बताई जा रही है. माना जा रहा है कि यह कदम दलबदल कानून के तहत अयोग्यता से बचने के उद्देश्य से उठाया गया है. बागी खेमे की अगुवाई बारासात सांसद काकोली घोष कर रही हैं, जिन्होंने कथित तौर पर लोकसभा अध्यक्ष को पत्र भेजकर अलग गुट को मान्यता देने की मांग की है.
बागी खेमे में किस-किस के नाम ?
बागी खेमे में शामिल बताए जा रहे सांसदों में काकोली घोष, जगदीश चंद्र बसुनिया, खलीलुर रहमान, यूसुफ पठान, अबू ताहिर खान, पार्थ भौमिक, बापी हलदार, सायोनी घोष, माला रॉय, मिताली बाग, दीपक अधिकारी (देव), कालीपद सोरेन, जून मालिया, अरूप चक्रवर्ती, शर्मिला सरकार, शत्रुघ्न सिन्हा, असित कुमार माल, शताब्दी रॉय और रचना बनर्जी शामिल हैं.
ये सांसद अब भी ममता बनर्जी के साथ
महुआ मोइत्रा, अभिषेक बनर्जी, सुदीप बंदोपाध्याय, सौगत रॉय, कल्याण बनर्जी, कीर्ति आजाद और अन्य कुछ सांसद अब भी ममता बनर्जी के साथ मजबूती से खड़े बताए जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें: पीओके में बड़ा हादसा, पाकिस्तानी सेना का Mi-17 हेलीकॉप्टर क्रैश, 21 जवानों की मौत



