Wednesday, June 10, 2026
HomeIndiaसोशल मीडिया पर दिखाई शाही जिंदगी, यूट्यूबर रचना गुर्जर के घर चोरों...

सोशल मीडिया पर दिखाई शाही जिंदगी, यूट्यूबर रचना गुर्जर के घर चोरों ने बोला धावा, गहने और सामान लेकर फरार

मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले की चर्चित यू-ट्यूबर रचना गुर्जर के घर में चोरों ने करीब 90 हजार रुपये के गहने और अन्य सामान चोरी कर लिया। पुलिस को घटनास्थल के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल मिली है, जिससे अहम सुराग हाथ लगे हैं। आशंका है कि सोशल मीडिया पर दिखाई गई उनकी आलीशान जीवनशैली के आधार पर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

Rachna Gurjar Theft Case : शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में सोशल मीडिया पर अपनी आलीशान जीवनशैली और सोने-चांदी के आभूषणों के वीडियो साझा करने वाली चर्चित यूट्यूबर रचना गुर्जर चोरी की वारदात के बाद सुर्खियों में हैं। उनके घर से हजारों रुपये मूल्य के गहने और अन्य सामान चोरी हो गए, जबकि घटना के चार दिन बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

फेंसिंग काटकर चोरों ने की चोरी

एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि मामले में पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं, जिनसे चोरों के शीघ्र पकड़े जाने की संभावना बढ़ गई है। पुलिस के मुताबिक, मामला जिले के नरवर थाना क्षेत्र के मोहानी ख्यावदा गांव का है, जहां की चर्चित यू-ट्यूबर रचना गुर्जर के घर गत शुक्रवार की देर रात चोरों ने सीढ़ियों के सहारे घर की चारदीवारी लांघने के बाद फेंसिंग काटकर इस घटना को अंजाम दिया।

नरवर थाना प्रभारी विनय यादव ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा कि पीड़िता के घर के नजदीक एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है, जिससे कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। उन्होंने बताया कि इस मोटरसाइकिल के चेचिस नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर भिन्न हैं और यह गुना जिले की प्रतीत हो रही है। चोरी गए सामानों के बारे में पूछे जाने पर यादव ने बताया कि शिकायतकर्ता की ओर से दर्ज प्राथमिकी में चार अंगूठियां और एक करधनी सहित कुल 90 हजार रुपये मूल्य के सामानों की चोरी का उल्लेख किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, लगभग आठ हजार रुपये कीमत की रेड बुल सॉफ्ट ड्रिंक की एक पेटी भी पीड़िता के घर से चोरी हुई है। ज्ञात हो कि गुर्जर अपने आलीशान घर, महंगी साज-सज्जा और सोने-चांदी के आभूषणों व जीवनशैली से जुड़े वीडियो नियमित रूप से सोशल मीडिया पर साझा करती रही हैं। पुलिस ने आशंका जताई है कि चोरों ने सोशल मीडिया पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर ही घर की टोह लेकर वारदात को अंजाम दिया है।

घटना के बाद गुर्जर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा है कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे, तब तक वह इस मामले को लेकर लगातार वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर आवाज उठाती रहेंगी। घटना के बाद से स्थानीय स्तर पर इस बात की खासी चर्चा है कि सोशल मीडिया में अक्सर कीमती गहने और आलीशान जीवनशैली को दर्शाने के कारण चोरों ने उन्हें अपना निशाना बनाया। उनके सोशल मीडिया खाते पर अक्सर कुछ लोग यह सलाह भी देते थे कि इतना सोना मत दिखाओ कि आपके घर चोर घुस जाएं।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image