Monday, May 4, 2026
HomeNational News“बंगाल में BJP की ऐतिहासिक जीत: पर्दे के पीछे चला ‘WAR ROOM...

“बंगाल में BJP की ऐतिहासिक जीत: पर्दे के पीछे चला ‘WAR ROOM गेम ’”

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों को लेकर बीजेपी पूरे जोश और उत्साह में नजर आ रही है। यह सब देखने में चमत्कार सा लग रहा हो लेकिन हकीकत इसके पीछे की गई जबरदस्त मेहनत और रणनीति है। बीजेपी ने एक बार फिर दिखा दिया कि चुनाव सिर्फ बड़ी रैलियों और भाषणों से नहीं जीते जाते, बल्कि पर्दे के पीछे तैयार की गई मजबूत रणनीति असली खेल बदलती है। बीजेपी की इस बड़ी जीत के पीछे उन नेताओं और रणनीतिकारों की टीम रही, जिन्होंने महीनों तक कोलकाता के वॉर रूम में बैठकर टीएमसी की हर चाल का जवाब तैयार किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीतिक सोच को जमीन पर उतारने के लिए पार्टी ने अनुभवी संगठनात्मक नेताओं की एक खास टीम बनाई थी, जिसने 15 साल पुरानी टीएमसी सरकार को कड़ी चुनौती दी।

इस चुनाव में अमित शाह ने खुद पूरी कमान संभाली। दिल्ली और कोलकाता के हेस्टिंग्स स्थित पार्टी कार्यालय में हाईटेक वॉर रूम बनाए गए, जहां 24 घंटे डेटा एनालिसिस चलता रहा। हर बूथ की जानकारी सीधे शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचती थी। शाह की रणनीति साफ थी—“बूथ मजबूत, जीत पक्की।” उन्होंने न सिर्फ बड़े स्तर पर प्रचार किया, बल्कि संगठन की हर परत पर नजर रखी।

भूपेंद्र यादव को चुनावी प्रबंधन की अहम जिम्मेदारी दी गई। उन्होंने बूथ स्तर की रणनीति को नया रूप देते हुए ‘पन्ना प्रमुख’ मॉडल को स्थानीय हालात के मुताबिक ढाला। इसके जरिए पार्टी ने जमीनी कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय किया और संगठन को मजबूत किया।

सुनील बंसल ने माइक्रो मैनेजमेंट पर जोर दिया। खासकर उन सीटों पर ध्यान केंद्रित किया गया, जहां टीएमसी मजबूत मानी जाती थी। डेटा एनालिसिस के जरिए ऐसे मतदाताओं को टारगेट किया गया, जो बदलाव चाहते थे लेकिन स्पष्ट विकल्प नहीं देख पा रहे थे।

धर्मेंद्र प्रधान ने सीमावर्ती और औद्योगिक क्षेत्रों में मोर्चा संभाला। उन्होंने स्थानीय समीकरणों को साधते हुए कई प्रभावशाली नेताओं को बीजेपी के साथ जोड़ा और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया।

इसके अलावा डॉ. महेश शर्मा और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा जैसे नेताओं को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई। शहरी इलाकों में मध्यम वर्ग के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत की गई, वहीं नागरिकता और घुसपैठ जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।

शुभेंदु अधिकारी ने इन सभी रणनीतियों को जमीन पर लागू करने में अहम भूमिका निभाई। टीएमसी की कार्यशैली को करीब से समझने वाले शुभेंदु ने ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत नेटवर्क तैयार किया और मतदाताओं को बिना दबाव मतदान के लिए प्रेरित किया।

इस बार बीजेपी की रणनीति केवल पारंपरिक वोट बैंक तक सीमित नहीं रही। महिला मतदाताओं और स्थानीय मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया गया। संदेशखली और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर टीएमसी पर दबाव बनाया गया। चुनाव आयोग की सख्ती और पार्टी की आक्रामक रणनीति ने मिलकर ऐसा माहौल तैयार किया, जिसने चुनावी समीकरण बदल दिए।

नतीजों से साफ है कि सोशल इंजीनियरिंग, डेटा आधारित रणनीति और मजबूत जमीनी नेटवर्क के दम पर बीजेपी ने इस चुनाव में बढ़त बनाई, जबकि टीएमसी का ‘मां, माटी, मानुष’ का नारा इस बार असरदार नहीं दिखा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Banner