PM Modi France Visit: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारत को नवाचार और तकनीकी प्रगति का प्रमुख केंद्र बताते हुए कहा है कि कृत्रिम मेधा (AI) और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भारत और फ्रांस के बीच मजबूत और वास्तविक साझेदारी है. उन्होंने दोनों देशों के सहयोग को भविष्य की वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए महत्वपूर्ण बताया.
‘भारत इनोवेट्स 2026’ का उद्घाटन
मैक्रों ने फ्रांस के नीस शहर में आयोजित ‘भारत इनोवेट्स 2026’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं. इस कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने संयुक्त रूप से किया. कार्यक्रम का उद्देश्य भारत के उभरते डीप-टेक स्टार्टअप, अनुसंधान संस्थानों और नवाचार आधारित उद्यमों को वैश्विक मंच प्रदान करना है.
‘भारत की ‘मेक इन इंडिया’ पहल का सम्मान’
अपने संबोधन में राष्ट्रपति मैक्रों ने कहा कि फ्रांस भारत की ‘मेक इन इंडिया’ पहल का सम्मान करता है और कई क्षेत्रों में इस अभियान का सक्रिय भागीदार भी रहा है। उन्होंने कहा कि भारत आज नवाचार, तकनीक और उद्यमिता के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और दुनिया के लिए एक महत्वपूर्ण साझेदार बनकर उभरा है.
‘भारत और फ्रांस के बीच सहयोग बढ़ाने की पर्याप्त संभावनाएं’
फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने असैन्य परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में भी सहयोग की संभावनाओं का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि स्मॉल मॉड्यूलर रिएक्टर्स (SMRs) जैसी उन्नत परमाणु तकनीकों के क्षेत्र में भारत और फ्रांस के बीच सहयोग बढ़ाने की पर्याप्त संभावनाएं मौजूद हैं.
फ्रांस दौरे पर हैं पीएम मोदी
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों फ्रांस की यात्रा पर हैं. इस दौरान उनकी राष्ट्रपति मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी प्रस्तावित है. इसके अलावा प्रधानमंत्री जी-7 शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे, जहां वैश्विक अर्थव्यवस्था, जलवायु परिवर्तन, तकनीक और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.
ये भी पढ़ें: TMC के बागी सांसदों की दिल्ली में बैठक, काकोली घोष दस्तीदार का दावा- हमारे साथ 22 सांसद, कल स्पीकर से मिलेंगे



