Monday, May 4, 2026
HomeLatest NewsPM मोदी बोले- ‘गंगोत्री से गंगासागर तक कमल खिला’, बंगाल की जीत...

PM मोदी बोले- ‘गंगोत्री से गंगासागर तक कमल खिला’, बंगाल की जीत को बताया ऐतिहासिक, कहा- यह लोकतंत्र की जीत

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए पहली बार राज्य में सरकार बनाने का रास्ता साफ कर लिया है। जनादेश ने स्पष्ट संकेत दिया है कि बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव हुआ है। भाजपा की इस जीत पर प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और इसे जनता के विश्वास की जीत बताया। चुनावी सफलता के बाद प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जहां जश्न का माहौल देखने को मिला। इस खास मौके पर वह पारंपरिक बंगाली धोती-कुर्ता पहनकर पहुंचे, जिसने कार्यकर्ताओं का उत्साह और बढ़ा दिया। बंगाल में भाजपा की यह पहली सरकार बनने जा रही है, जिसे पार्टी के लिए एक बड़ी राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है।

‘गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल’ : मोदी

बीजेपी की जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे ऐतिहासिक और अभूतपूर्व दिन बताया। उन्होंने कहा, “गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल ही कमल खिल रहा है,” और इसे कार्यकर्ताओं की मेहनत तथा जनता के भरोसे की जीत करार दिया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में जोर देते हुए कहा कि यह सिर्फ चुनावी सफलता नहीं, बल्कि विश्वास और जनसमर्थन की बड़ी जीत है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत ने आज इतिहास रच दिया है।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि जीत और हार लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन पांच राज्यों के चुनाव परिणामों ने दुनिया को दिखा दिया है कि भारत को ‘लोकतंत्र की जननी’ क्यों कहा जाता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। इस जीत को उन्होंने न केवल लोकतंत्र, बल्कि संविधान और देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं की जीत भी बताया।

बंगाल विजय पर पीएम मोदी की प्रतिक्रिया

पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे जनता की ताकत की जीत बताया।प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “पश्चिम बंगाल में कमल खिल गया है! 2026 के विधानसभा चुनाव हमेशा याद किए जाएंगे। यह जनता की शक्ति और सुशासन की राजनीति की जीत है।” उन्होंने राज्य की जनता का आभार जताते हुए कहा कि लोगों ने भाजपा को शानदार जनादेश दिया है। पीएम मोदी ने भरोसा दिलाया कि उनकी पार्टी पश्चिम बंगाल के लोगों की उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ऐसी सरकार देने के लिए प्रतिबद्ध है, जो समाज के हर वर्ग को समान अवसर और सम्मान प्रदान करे। यह जीत राज्य की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत का संकेत भी मानी जा रही है।

हिंसा-मुक्त बंगाल के लिए पीएम मोदी की अपील

पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे कई मायनों में ऐतिहासिक बताया और राज्य को हिंसा-मुक्त बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पहले बंगाल चुनावों के दौरान हिंसा, डर और निर्दोष लोगों की मौत की खबरें आम थीं, लेकिन इस बार तस्वीर बदली हुई नजर आई। “पहली बार ऐसा हुआ कि चुनावी हिंसा में एक भी निर्दोष नागरिक की जान नहीं गई। लोकतंत्र के इस महापर्व में बंदूक की आवाज नहीं, बल्कि जनता की आवाज गूंजी,” पीएम मोदी ने कहा।

प्रधानमंत्री ने इसे लोकतंत्र की सच्ची जीत बताते हुए कहा कि अब बंगाल एक नए दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे पुरानी हिंसक राजनीति से आगे बढ़ें और राज्य को शांति व विकास की दिशा में ले जाएं। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि भाजपा की जीत के बाद “बदला नहीं, बदलाव” की बात होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने जोर दिया कि अब भय नहीं, बल्कि भविष्य की राजनीति पर ध्यान देना जरूरी है, ताकि बंगाल प्रगति की नई राह पर आगे बढ़ सके।

“बंगाल की पावन धरा पर नया सूर्योदय” — पीएम मोदी

पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत पर प्रधानमंत्री मोदी ने भावुक अंदाज में प्रतिक्रिया देते हुए इसे ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा, “4 मई को बंगाल की पावन धरा पर एक नया सूर्योदय हुआ है।” प्रधानमंत्री ने इस जीत को ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष से जोड़ते हुए कहा कि यह भारत माता और ऋषि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय को बंगाल की जनता की श्रद्धांजलि है। साथ ही उन्होंने श्री अरबिंदो को भी मतदाताओं द्वारा दी गई ऐतिहासिक श्रद्धांजलि बताया।

पीएम मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि कई कार्यकर्ताओं ने इस जीत के लिए अपना जीवन समर्पित किया और विशेष रूप से महिला कार्यकर्ताओं ने कठिन परिस्थितियों में भी डटकर काम किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को कई तरह की परेशानियों और अत्याचारों का सामना करना पड़ा। पीएम ने इस जीत का श्रेय सभी कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों को देते हुए इसे बंगाल की जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि भले ही 4 मई की शाम ढल रही हो, लेकिन राज्य के लिए यह एक नए युग और नई उम्मीदों की शुरुआत है।

चुनाव आयोग और सुरक्षाबलों को दिया धन्यवाद

पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘मैं चुनाव आयोग और सुरक्षाबलों का अभिनंदन करता हूं।’ पीएम मोदी ने कहा, ‘आज मैं चुनाव आयोग को, चुनाव आयोग के सभी कर्मचारी भाई-बहनों को, मतदान प्रक्रिया से जुड़े सभी कर्मियों को और विशेष रूप से सुरक्षा बलों को भी अपनी हार्दिक बधाई देता हूं। भारत के लोकतंत्र की गरिमा को बनाए रखने में आप सभी के योगदान को इतिहास सदैव याद रखेगा।’

‘पश्चिम बंगाल के सामने नतमस्तक हूं’

पीएम मोदी ने बीजेपी की जीत पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव हमेशा याद रखे जाएंगे। जनता की शक्ति की जीत हुई है और बीजेपी की सुशासन की राजनीति सफल रही है। मैं पश्चिम बंगाल के हर एक व्यक्ति के सामने नतमस्तक हूं।’

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Banner