Monday, November 2, 2026
HomeUser Interest CategoryPoliticsमदन राठौड़ सोशल मीडिया की रील्स और ट्रोलिंग पर भड़के, बोले- पैसे...

मदन राठौड़ सोशल मीडिया की रील्स और ट्रोलिंग पर भड़के, बोले- पैसे के लालच में बन रही घटिया रील्स

राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही रील्स और ट्रोलिंग को लेकर नाराजगी जताई है।

जयपुर। राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही रील्स और ट्रोलिंग को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि पैसे के लालच में लोग घटिया रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं, जिनका हमारी संस्कृति से कोई संबंध नहीं है। ऐसी सामग्री बच्चों पर भी गलत प्रभाव डालती है। राठौड़ सोमवार को जयपुर के एक निजी होटल में भाजपा सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया के दुरुपयोग को बड़ी चुनौती बताते हुए कार्यकर्ताओं से भ्रामक सूचनाओं और नकारात्मक नैरेटिव का संगठित तरीके से मुकाबला करने की अपील की।

सोशल मीडिया के दुरुपयोग को बताया बड़ी चुनौती
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल से पार्टी को काफी सफलता मिली है, लेकिन वर्तमान समय में इसका दुरुपयोग भी तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर नकारात्मक नैरेटिव फैलाने वालों को पहचानना और तथ्यों के आधार पर उनका जवाब देना जरूरी है। कार्यकर्ताओं को सतर्क रहना होगा, ताकि भ्रामक सूचनाओं के जरिए लोगों को गुमराह न किया जा सके।

बोले- मैं खुद सोशल मीडिया का भुगतभोगी हूं
मदन राठौड़ ने सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग का जिक्र करते हुए कहा कि वे खुद इसके भुगतभोगी रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में से भी कई लोग सोशल मीडिया पर इस तरह की परिस्थितियों का सामना कर चुके होंगे। राठौड़ ने कहा कि आज सोशल मीडिया के माध्यम से गलत सूचनाएं और भ्रामक नैरेटिव फैलाना एक बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर इसका मुकाबला करना चाहिए।

पैसे के लालच में बन रही घटिया रील्स
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली कुछ रील्स को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पैसे के लालच में लोग घटिया रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर डाल देते हैं। ऐसी सामग्री का हमारी संस्कृति में कोई स्थान नहीं है। बच्चे भी इन रील्स को देखते हैं, जिससे उनकी सोच पर गलत प्रभाव पड़ सकता है। राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से इस चुनौती को स्वीकार करने और ऐसी सामग्री के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।

पाकिस्तान पर बयान के बाद हुए थे ट्रोल
दरअसल, मदन राठौड़ हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर कई बार ट्रोल हो चुके हैं। कुछ दिन पहले पाकिस्तान को लेकर दिए गए उनके एक बयान के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें निशाना बनाया गया था। इस मामले में राठौड़ को कई बार सफाई भी देनी पड़ी थी। अब भाजपा सोशल मीडिया विभाग की कार्यशाला में उन्होंने सोशल मीडिया के दुरुपयोग और ट्रोलिंग को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है।

कार्यकर्ताओं से संगठित होकर मुकाबला करने की अपील
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मदन राठौड़ ने भाजपा कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया की नई तकनीकों और बदलते स्वरूप को समझने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता कार्यशाला से सीख लेकर संगठित तरीके से भ्रामक सूचनाओं का मुकाबला करें और सोशल मीडिया पर सकारात्मक तथा तथ्यात्मक सामग्री को आगे बढ़ाएं। राठौड़ के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली रील्स, ट्रोलिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image