Batwara 1947 Poster Release : मुंबई। आमिर खान प्रोडक्शंस ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बटवारा 1947’ का मोशन पोस्टर जारी कर दिया है। भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित इस पीरियड ड्रामा में अभिनेता सनी देओल (Sunny Deol) मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन दिग्गज फिल्मकार राजकुमार संतोषी (Rajkumar Santoshi) ने किया है और यह 14 अगस्त 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म की कहानी वर्ष 1947 के विभाजन के दौर की घटनाओं पर आधारित है। निर्माताओं के अनुसार, ‘बटवारा 1947’ ऐसे नायक की कहानी है, जो नफरत, हिंसा और भय के माहौल में भी साहस, मानवता और उम्मीद का रास्ता चुनता है। यह फिल्म उस दौर की सामाजिक और भावनात्मक परिस्थितियों को बड़े पर्दे पर प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने का प्रयास करेगी।
गौरतलब है कि इस फिल्म का शुरुआती शीर्षक ‘लाहोर 1947’ था, जिसे बाद में बदलकर ‘बटवारा 1947’ कर दिया गया। फिल्म में सनी देओल के साथ शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। आमिर खान प्रोडक्शंस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मोशन पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “नफरत और भय के दौर में, उन्होंने साहस को चुना। ‘बटवारा 1947’ 14 अगस्त 2026 से सिनेमाघरों में देखें।” पोस्टर ने रिलीज होते ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।

इस फिल्म की एक और खास बात यह है कि राजकुमार संतोषी और सनी देओल की सुपरहिट जोड़ी लगभग 30 साल बाद फिर साथ काम कर रही है। इससे पहले दोनों ने ‘घायल’, ‘दामिनी’ और ‘घातक’ जैसी यादगार और ब्लॉकबस्टर फिल्मों में साथ काम किया था, जिन्हें आज भी हिंदी सिनेमा की क्लासिक फिल्मों में गिना जाता है।
फिल्म का निर्माण आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने मिलकर किया है। वहीं, ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान ने फिल्म का संगीत तैयार किया है, जबकि गीतों को मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने लिखा है। ऐसे में ‘बटवारा 1947’ को 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक माना जा रहा है।



