IND vs AFG ODI Series: अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ी राहत मिली है। स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) की स्पोर्ट्स साइंस टीम ने फिट घोषित कर दिया है। अब दोनों खिलाड़ी धर्मशाला में होने वाले पहले वनडे से टीम इंडिया के लिए उपलब्ध रहेंगे।
चोट के कारण आईपीएल के मैचों से रहे थे बाहर
दोनों खिलाड़ी हाल ही में चोटों से जूझ रहे थे. हार्दिक पंड्या पीठ में ऐंठन की समस्या के कारण और रोहित शर्मा पैर की मांसपेशियों में खिंचाव के चलते मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल के कई मुकाबले नहीं खेल पाए थे.
हार्दिक 2 जून से बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन कर रहे थे. बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार उन्होंने मैच जैसी परिस्थितियों में अभ्यास किया और पूरे 10 ओवर गेंदबाजी भी की. फिटनेस परीक्षण के सभी मानकों पर खरा उतरने के बाद उन्हें खेलने की मंजूरी दे दी गई.
50 ओवर क्रिकेट के लिए तैयार पंड्या
पंड्या भारत की सीमित ओवरों की टीम के लिए एक अहम खिलाड़ी हैं. उनकी तेज गेंदबाजी और निचले क्रम में आक्रामक बल्लेबाजी टीम को अतिरिक्त संतुलन प्रदान करती है. ट्रेनिंग के दौरान लगातार 10 ओवर गेंदबाजी करना इस बात का संकेत है कि वह 50 ओवर के प्रारूप की शारीरिक चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
रोहित शर्मा को भी मिली हरी झंडी
पूर्व कप्तान रोहित शर्मा भी पैर की मांसपेशियों में खिंचाव जांच के लिए सीओई पहुंचे थे. मेडिकल मूल्यांकन और फिटनेस टेस्ट के बाद उन्हें भी वनडे क्रिकेट में वापसी की मंजूरी मिल गई है. उनकी वापसी से भारतीय बल्लेबाजी क्रम को मजबूती मिलेगी.
चोट के कारण कोहली सीरीज से बाहर
स्टार बल्लेबाज विराट कोहली चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं. कोहली भी पैर की मांसपेशियों से जूझ रहे हैं. उनकी जगह युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया गया है.
गौरतलब है कि भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला धर्मशाला में खेला जाएगा, जबकि दूसरा और तीसरा मैच क्रमशः लखनऊ और चेन्नई में आयोजित होगा. रोहित और पंड्या की वापसी से भारतीय टीम का मनोबल निश्चित रूप से बढ़ा है.
ये भी पढ़ें: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की गोवर्धन परिक्रमा, विधि विधान से पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की



