CM Bhajanlal Sharma Goverdhan Visit: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार रात गोवर्धन जी की सप्तकोसीय परिक्रमा की. इस दौरान उनकी पत्नी गीता देवी भी उनके साथ मौजूद रहीं. मुख्यमंत्री ने परिक्रमा की शुरुआत गोवर्धन धाम में गिरिराज महाराज की पूजा-अर्चना से की. परिक्रमा के दौरान उन्होंने मार्ग में स्थित प्रमुख मंदिरों में दर्शन कर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया. गोवर्धन के धनघाटी मंदिर के सेवायत जी के पुरोहित के अनुसार, मुख्यमंत्री ने देश-प्रदेश में शांति, सद्भाव, विकास और जनकल्याण के लिए विशेष प्रार्थना की.
आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव
परिक्रमा के बाद मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि गोवर्धन परिक्रमा से उन्हें आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति होती है. उन्होंने इसे अपने जीवन के विशेष आध्यात्मिक अनुभवों में से एक बताया.
सीएम ने सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीरें
सीएम भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया मंच पर शेयर की गई पोस्ट में लिखा कि गोवर्धन जी की सप्तकोसीय परिक्रमा और गिरिराज महाराज के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ. ठाकुर जी से समस्त प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और राजस्थान की निरंतर प्रगति व विकास की मंगल कामना की.
आज पावन धाम श्री गोवर्धन जी की सप्तकोसीय परिक्रमा और गिरिराज महाराज के दर्शन-पूजन का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ।
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) June 8, 2026
ठाकुर जी से समस्त प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और राजस्थान की निरंतर प्रगति व विकास की मंगल कामना की। गिरिराज जी की कृपा हमारे प्रदेश पर सदैव बनी रहे।… pic.twitter.com/h9dBaWXP8s
सेवायत जीके पुरोहित के अनुसार, मुख्यमंत्री की पत्नी गीता देवी ने दंडवत परिक्रमा पूरी की. धार्मिक परंपरा के अनुसार, साष्टांग दंडवत परिक्रमा के बाद सामान्य परिक्रमा की परंपरा होती है.
लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र
गौरतलब है कि गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा और महाअभिषेक के लिए सालभर लाखों श्रद्धालु मथुरा आते हैं. मानसी गंगा स्थित मुकुट मुखारबिंद मंदिर के सेवायत विनोद शर्मा ने बताया कि अधिक मास के समय यहां श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है.
धार्मिक मान्यता है कि गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति प्राप्त होती है. इसी आस्था के चलते देशभर से लाखों भक्त हर वर्ष मथुरा पहुंचकर गिरिराज महाराज की परिक्रमा करते हैं.
ये भी पढ़ें: जयपुर के खो नागोरियान में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 6 की मौत, कई लोग गंभीर रूप से घायल



