Share Market Update Today : मुंबई। आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी और अमेरिका के कमजोर रोजगार आंकड़ों के बाद ब्याज दरों में नरमी की उम्मीद से घरेलू शेयर बाजार लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 261.79 अंक चढ़कर 77,763.91 पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 95.15 अंक की बढ़त के साथ 24,270.85 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 78,157.52 का इंट्राडे हाई भी छुआ, जिससे निवेशकों का भरोसा मजबूत दिखाई दिया।
इन कंपनियों के शेयरों में आई तेजी और गिरावट
सेंसेक्स की कंपनियों में से एचसीएल टेक में सर्वाधिक 5.79 प्रतिशत की तेजी रही जबकि टेक महिंद्रा 1.81 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा भारती एयरटेल, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और आईसीआईसीआई बैंक भी बढ़त में रहे। दूसरी तरफ, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा और लार्सन एंड टुब्रो के शेयर नुकसान के साथ बंद हुए। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, घरेलू बाजार उतार-चढ़ाव भरे कारोबार और मुनाफावसूली के बावजूद सकारात्मक वैश्विक संकेतों तथा अमेरिकी श्रम बाजार के नरम आंकड़ों के बाद वैश्विक स्तर पर नरम ब्याज दर माहौल की उम्मीद से बढ़त के साथ बंद हुए।
नायर ने कहा कि भारत-जापान शिखर सम्मेलन के सकारात्मक नतीजों और आईटी क्षेत्र में जारी सुधार से भी बाजार धारणा को समर्थन मिला। इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में नरमी एक अहम कारक बनी हुई है। व्यापक बाजार में मझोली कंपनियों के बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक में 0.46 प्रतिशत की गिरावट रही जबकि छोटी कंपनियों का स्मालकैप सूचकांक 0.33 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ। क्षेत्रवार सूचकांकों में रियल्टी खंड में सर्वाधिक 2.22 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई जबकि फोकस आईटी खंड में 1.74 प्रतिशत, आईटी खंड में 1.55 प्रतिशत और स्वास्थ्य सेवा खंड में 1.31 प्रतिशत की तेजी रही। दूसरी तरफ बिजली खंड में 2.39 प्रतिशत और पूंजीगत उत्पाद खंड में 2.26 प्रतिशत की गिरावट रही।
बीएसई पर सूचीबद्ध कुल 2,257 कंपनियों के शेयर बढ़त में रहे जबकि 1,986 शेयरों में गिरावट रही और 198 अन्य अपरिवर्तित रहे। साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स ने कुल 663.44 अंक यानी 0.86 प्रतिशत और एनएसई निफ्टी ने 214.85 अंक यानी 0.89 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा, ‘आईटी शेयरों में फिर से तेजी आने और अनुकूल वैश्विक संकेतों ने घरेलू बाजार की तेजी को समर्थन दिया। हालांकि कारोबारी सत्र के दूसरे हिस्से में सार्वजनिक बैंकों एवं ऊर्जा शेयरों में मुनाफावसूली से बढ़त थोड़ी कम हो गई।’
एशियाई बाजारों में भी दिखी तेजी
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी करीब छह प्रतिशत चढ़ गया, जबकि जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग भी बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में मिले-जुले रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजारों में बृहस्पतिवार को मिला-जुला रुख देखा गया था। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.24 प्रतिशत बढ़कर 71.97 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने 311.82 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इससे पहले बुधवार को सेंसेक्स 579.48 अंक चढ़कर 77,502.12 अंक और निफ्टी 169.85 अंक की बढ़त के साथ 24,175.70 अंक पर बंद हुआ था।



