Stock Market Today: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल और बैंकिंग शेयरों में भारी बिकवाली के चलते सप्ताह के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला. सोमवार को शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 523.22 अंक टूटकर 77,628.23 अंक पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 134.10 अंक फिसलकर 24,198.25 अंक पर कारोबार करता दिखा.
बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट
सेंसेक्स की 30 प्रमुख कंपनियों में एक्सिस बैंक और एचडीएफसी बैंक के शेयर तिमाही नतीजों के बाद करीब 5 प्रतिशत तक टूट गए. इसके अलावा कोटक महिंद्रा बैंक, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), मारुति सुजुकी और बजाज फाइनेंस के शेयर भी लाल निशान में कारोबार करते नजर आए.
रिलायंस ने संभाला बाजार
गिरावट के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर करीब 1 प्रतिशत चढ़ा. कंपनी के अप्रैल-जून तिमाही के मजबूत वित्तीय नतीजों के बाद निवेशकों ने इसमें खरीदारी की. इसके अलावा भारती एयरटेल, टेक महिंद्रा, एनटीपीसी और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में भी बढ़त दर्ज की गई.
कच्चा तेल 90 डॉलर के पार
बाजार पर सबसे बड़ा दबाव अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी का रहा. ब्रेंट क्रूड का भाव 2.41 प्रतिशत बढ़कर 90.22 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया. कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से आयात लागत और महंगाई बढ़ने की आशंका के कारण निवेशकों का रुख सतर्क बना रहा.
एशियाई और यूरोपीय बाजारों का हाल
एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई एसएसई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी 4.35 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ कारोबार करता दिखा. वहीं, अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे, जिसका असर भी भारतीय बाजार की शुरुआत पर देखने को मिला.
विदेशी निवेशकों ने की बिकवाली
शेयर बाजार के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII)ने शुक्रवार को 376.41 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी, जिससे भी बाजार की धारणा पर असर पड़ा. गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार मजबूत बढ़त के साथ बंद हुआ था. उस दिन सेंसेक्स 1.25 प्रतिशत और निफ्टी 1.09 प्रतिशत की बढ़त दर्ज करने में सफल रहे थे.
ये भी पढ़ें: अब बारिश में नहीं डूबेगा अजमेर! विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने किया डीवाटरिंग पम्पों का लोकार्पण



