Tuesday, May 19, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessमहंगे कच्चे तेल और कमजोर रुपये ने बिगाड़ा बाजार का मूड, सेंसेक्स-निफ्टी...

महंगे कच्चे तेल और कमजोर रुपये ने बिगाड़ा बाजार का मूड, सेंसेक्स-निफ्टी दोनों गिरावट के साथ बंद हुए

कारोबार के अंतिम घंटों में बिकवाली बढ़ने से भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 114 अंक टूटकर 75,200.85 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी फिफ्टी 32 अंक फिसल गया। रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई। हालांकि आईटी शेयरों में खरीदारी रही। वहीं गोतम अडानी से जुड़े अमेरिकी केस खत्म होने के बाद अदाणी समूह के शेयरों में तेजी देखने को मिली।

Share Market Update Today : मुंबई। कारोबार के अंतिम घंटों में बढ़ी बिकवाली ने मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआती तेजी पर पानी फेर दिया। बीएसई सेंसेक्स 114.19 अंक यानी 0.15 प्रतिशत टूटकर 75,200.85 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 भी गिरावट के साथ बंद हुआ। बाजार पर सबसे ज्यादा दबाव रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का रहा। इसके चलते निवेशकों की चिंता बढ़ गई और एचडीएफसी बैंक तथा रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी दिग्गज कंपनियों के शेयरों में बिकवाली देखने को मिली।

ट्रंप के बयान के बाद आई थी तेजी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद कारोबार दौरान एक समय यह 431.23 अंक यानी 0.57 प्रतिशत बढ़कर 75,746.27 अंक पर पहुंच गया था। ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के अनुरोध पर ईरान पर नए हमले रोक दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के साथ चल रही गंभीर बातचीत जारी है, जिससे एक स्वीकार्य समझौते पर पहुंचने की उम्मीद है। पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 31.95 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,618 अंक पर बंद हुआ।

इन कंपनियों के शेयरों में आई तेजी और गिरावट

सेंसेक्स की कंपनियों में कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाइटन, अदाणी पोर्ट्स, भारती एयरटेल और सन फार्मा प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में इन्फोसिस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, इटर्नल और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज शामिल हैं। रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अबतक के सबसे निचले स्तर 96.60 तक फिसल गया। हालांकि, बाद में यह 96.52 (अस्थायी) पर रहा।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.80 प्रतिशत टूटकर 110 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 2,813.69 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा उद्योगपति गौतम अदाणी और उनके भतीजे सागर के खिलाफ सभी आपराधिक आरोप स्थायी रूप से हटाए जाने के बाद अदाणी समूह की अधिकांश कंपनियों के शेयरों में तेजी देखी गई। अभियोजकों के इस निष्कर्ष पर पहुंचने के साथ कि वे आरोपों को साबित नहीं कर सकते, अमेरिका में जारी प्रतिभूति और धोखाधड़ी का मामला पूरी तरह समाप्त हो गया।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियानों में अस्थायी रोक की उम्मीद से शुरुआती तेजी के बावजूद घरेलू शेयर बाजार अंत में गिरावट के साथ बंद हुए। उन्होंने कहा, ‘‘आईटी शेयरों में तेजी देखने को मिली। रुपये की विनिमय दर में गिरावट और आकर्षक मूल्यांकन से संभावित सकारात्मक प्रभावों के कारण आईटी शेयरों में तेजी रही। एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में सकारात्मक रुख था। अमेरिकी बाजार सोमवार को मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए थे। बीएसई सेंसेक्स सोमवार 77.05 अंक के लाभ में रहा था जबकि निफ्टी में 6.45 अंक की मामूली तेजी रही थी।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular