India vs Afghanistan Squad : गुवाहाटी। ऋषभ पंत को अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले आगामी एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम की उपकप्तानी से हटा दिया गया है। इतना ही नहीं, तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भी उन्हें टीम में जगह नहीं मिली है। चयनकर्ताओं के इस फैसले ने क्रिकेट जगत में चर्चाओं को तेज कर दिया है। अब केएल राहुल को टीम इंडिया का नया उपकप्तान बनाया गया है, जबकि टीम की कमान शुभमन गिल संभालेंगे। भारतीय टीम में यह बदलाव ऐसे समय पर हुआ है, जब चयन समिति आगामी बड़े विदेशी दौरों को ध्यान में रखते हुए नए संयोजन पर काम कर रही है।

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी कार्यभार प्रबंधन के तहत टेस्ट और वनडे से आराम दिया गया है लेकिन वह इंग्लैंड दौरे के लिये टीम में लौटेंगे। अजित अगरकर की अगुवाई वाली बीसीसीआई की सीनियर पुरूष चयन समिति की यहां बैठक हुई जिसमें अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू श्रृंखलाओं के लिये टीम चुनी गई । छह जून से मुल्लांपुर में एकमात्र टेस्ट खेला जायेगा जबकि तीन वनडे 14 जून से धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में होंगे।
अगरकर ने चयन समिति की बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, बुमराह इंग्लैंड दौरे पर वापसी करेंगे । वह अपने कार्यभार प्रबंधन पर काम कर रहे हैं। स्पिन गेंदबाज मानव सुतार और तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को पहली बार टेस्ट टीम में चुना गया है । दोनों आईपीएल में गुजरात टाइटंस के लिये खेलते हैं। वनडे टीम में प्रिंस यादव को जगह मिली है ।
टेस्ट टीम :
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साइ सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नीतिश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुतार, गुरनूर बरार, ध्रुव जुरेल और हर्ष दुबे।
वनडे टीम:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, नीतिश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे।



