Sonia Gandhi Mamata Banerjee Meeting: विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक के एक दिन बाद ममता बनर्जी मंगलवार को कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने पहुंची. दोनों नेताओं की मुलाकात नई दिल्ली स्थित सोनिया गांधी के 10 जनपथ स्थित आवास पर हुई.
इन मुद्दों पर हुई चर्चा
सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच इस बैठक में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की भविष्य की रणनीति, संसद के आगामी सत्र और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर समन्वय को लेकर चर्चा हुई. इसके साथ ही हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को मिली हार और उसके बाद पार्टी के भीतर उभरे असंतोष का मुद्दा भी बातचीत का हिस्सा रहा.
#WATCH | दिल्ली: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और TMC प्रमुख ममता बनर्जी, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके आवास पर मिलने पहुंचीं। pic.twitter.com/1nLQQXvFXG
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 9, 2026
इंडिया गठबंधन की बैठक के दौरान मुलाकात की रही चर्चा
इससे पहले सोमवार को आयोजित ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में विपक्षी दलों ने कई राष्ट्रीय मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा की थी. बैठक में विपक्षी एकजुटता का संदेश देने की भी कोशिश की गई. इसी दौरान सोनिया गांधी और ममता बनर्जी की गर्मजोशी भरी मुलाकात चर्चा का विषय बनी. दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का अभिवादन करते हुए गले लगाया था, जिसकी तस्वीरें कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर साझा की थीं.

मुलाकात के क्या मायने ?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सोनिया गांधी और ममता बनर्जी की यह मुलाकात विपक्षी एकता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है. संसद के आगामी सत्र और विभिन्न राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए विपक्षी दलों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर विशेष जोर रहने की संभावना है. हालांकि बैठक के एजेंडे को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि यह मुलाकात राष्ट्रीय राजनीति में आगे की विपक्षी रणनीति तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण होगी.
ये भी पढ़ें: दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा फिल्म ‘पेद्दी’ का जादू, बनी साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली साउथ इंडियन फिल्म



