Thursday, April 30, 2026
HomeLatest Newsसिद्धरमैया बनाम शिवकुमार खींचतान तेज, खरगे का बड़ा बयान, अभी नहीं होगा...

सिद्धरमैया बनाम शिवकुमार खींचतान तेज, खरगे का बड़ा बयान, अभी नहीं होगा मुख्यमंत्री बदलाव, हाईकमान करेगा सही समय पर फैसला

Karnataka Politics News : कलबुर्गी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि कर्नाटक में फिलहाल मुख्यमंत्री पद पर किसी भी तरह के बदलाव की कोई योजना नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में नेतृत्व से जुड़ा मुद्दा जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। खरगे का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब सत्तारूढ़ कांग्रेस और राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि चार मई को चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश के चुनाव नतीजों के बाद कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन और कैबिनेट फेरबदल पर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।

कर्नाटक कांग्रेस में बढ़ी अंदरूनी हलचल, सीएम बदलने की अटकलों पर खरगे ने लगाई रोक

डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार (D.K. Shivakumar) के समर्थक मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के साथ सत्ता साझा किए जाने के समझौते से जुड़ी चर्चा को हवा दे रहे हैं। उनका कहना है कि 2023 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद यह सहमित बनी थी कि पांच साल के कार्यकाल के दौरान ही सिद्धरमैया और शिवकुमार मुख्यमंत्री पद बारी-बारी संभालेंगे। इस बीच, कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर (G. Parameshwara) ने बुधवार को कहा कि अगर काफी अनुभव वाले वरिष्ठ नेता खरगे मुख्यमंत्री बनते हैं तो सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी में हर कोई स्वागत करेगा।

खरगे ने परमेश्वर के बयान के बारे में पूछे जाने पर कहा, आप (मीडिया), वह (परमेश्वर) कहते हैं कि अगर मैं (मुख्यमंत्री) बन जाऊं तो बेहतर है। लेकिन भाग्य से कहीं ज्यादा, मेरी विचारधारा के मुताबिक और पार्टी के लिए अब तक की गई मेरी सेवा के अनुसार, सोनिया गांधी मेरे संबंध में निर्णय लेती हैं। उनका यह भी कहना था, लेकिन, अब वह सवाल ही नहीं उठता। यहां पहले से ही एक मुख्यमंत्री हैं। अगर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मुझे मिलकर बदलाव की दिशा में कोई फैसला लेना है, तो इसमें कुछ समय लगेगा। चलिए, इंतजार करते हैं और देखते हैं।

कांग्रेस सरकार द्वारा 20 नवंबर, 2025 को अपने पांच साल के कार्यकाल का आधा समय पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री के संभावित बदलाव की अटकलों के बीच सत्तारूढ़ दल के भीतर नेतृत्व की खींचतान तेज हो गई है। जनता दल (एस) के नेता और केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने बयान दिया है कि कांग्रेस में नेतृत्व की खींचतान के बीच लगभग 40 कांग्रेस विधायकों ने अगले महीने दिल्ली के लिए टिकट बुक किया है। इस बारे में खरगे ने कहा, मुझे नहीं पता, उनसे ब्यौरा मांगिए।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Banner