नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे बल्लेबाज सरफराज खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। श्रीलंका दौरे के बीच सरफराज खान की एक इंस्टाग्राम स्टोरी ने क्रिकेट फैंस का ध्यान खींच लिया है। सरफराज ने अपनी स्टोरी में लिखा, “शायद मैं फिट नहीं बैठता, लेकिन मैं अपनी पूरी ताकत से लड़ूंगा।” हालांकि उन्होंने अपने इस पोस्ट में किसी चयन, खिलाड़ी या घटना का जिक्र नहीं किया है। ऐसे में यह साफ नहीं है कि उनका इशारा किस ओर था, लेकिन सोशल मीडिया पर इसको लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं सरफराज
भारतीय टीम इस समय श्रीलंका दौरे पर है, जहां 15 अगस्त से गॉल में दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाना है। इसी बीच सरफराज का यह पोस्ट सामने आया है। फिटनेस और टीम संयोजन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सरफराज के संदेश ने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींचा है। कई क्रिकेट प्रेमी इसे टीम इंडिया में वापसी के लिए उनके संघर्ष से जोड़कर देख रहे हैं।
दलीप ट्रॉफी में खुद को साबित करने का मौका
दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए वेस्ट जोन टीम में सरफराज खान को शामिल किया गया है। टीम की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ करेंगे, जबकि शम्स मुलानी उपकप्तान बनाए गए हैं। वेस्ट जोन की टीम में सरफराज के अलावा पृथ्वी शॉ, मुशीर खान और शार्दुल ठाकुर जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं। अब इस टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन भारतीय टेस्ट टीम में वापसी की राह को आसान कर सकता है।
IPL 2026 में कैसा रहा प्रदर्शन?
सरफराज खान IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा थे। उन्होंने 8 मैचों में 161 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 169.47 रहा। सरफराज खान ने फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट टेस्ट से भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक 6 टेस्ट मैचों की 11 पारियों में 371 रन बनाए हैं। उनका टेस्ट औसत 37.10 है और उनके नाम एक शतक व तीन अर्धशतक दर्ज हैं। उनका आखिरी टेस्ट मुकाबला नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मुंबई में था।
घरेलू क्रिकेट में शानदार आंकड़े
सरफराज खान का घरेलू क्रिकेट रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 62 फर्स्ट क्लास मैचों की 92 पारियों में 5114 रन बनाए हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका औसत करीब 65 का है। इसके अलावा उन्होंने 43 लिस्ट-ए मैचों में 932 रन और 111 टी20 मैचों में 1678 रन बनाए हैं।
दलीप ट्रॉफी पर टिकी निगाहें
अब सभी की नजरें दलीप ट्रॉफी में सरफराज खान के प्रदर्शन पर होंगी। अगर वह इस टूर्नामेंट में बड़ी पारियां खेलने में सफल रहते हैं तो भारतीय टेस्ट टीम में वापसी के लिए उनकी दावेदारी फिर मजबूत हो सकती है। फिलहाल उनका क्रिप्टिक पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और फैंस उनके अगले बड़े प्रदर्शन का इंतजार कर रहे हैं।



