Russia Ukraine War: यूक्रेन के तट के पास एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले में 4 भारतीय नाविकों की मौत के मामले में भारत ने रूस के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है. विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित रूसी दूतावास के प्रभारी अधिकारी को तलब कर इस घटना पर भारत की गंभीर चिंता और आपत्ति से अवगत कराया. सूत्रों के अनुसार, विदेश मंत्रालय ने रूसी राजनयिक से कहा कि किसी भी वाणिज्यिक जहाज पर हमला, जिसमें निर्दोष भारतीय नागरिकों की जान चली जाए, पूरी तरह अस्वीकार्य है.
‘एमवी गोल्डन लियो’ पर हुआ था हमला
यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा के अनुसार, रूस ने रविवार को यूक्रेन के समुद्री गलियारे से गुजर रहे गिनी-बिसाऊ के ध्वज वाले वाणिज्यिक जहाज ‘एमवी गोल्डन लियो’ पर हमला किया. उन्होंने कहा कि जहाज के चालक दल में भारत और सीरिया के नागरिक शामिल थे. वहीं, यूक्रेन की वायुसेना ने दावा किया कि जहाज को रूसी क्रूज मिसाइलों से निशाना बनाया गया. रूस की ओर से इस दावे पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
4 भारतीयों की मौत, एक गंभीर
विदेश मंत्रालय के अनुसार, जहाज पर चालक दल के 17 सदस्य सवार थे, जिनमें 5 भारतीय नागरिक शामिल थे. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक भारतीय नागरिक गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है. यह रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद भारतीय नाविकों की मौत का पहला मामला बताया जा रहा है.
भारत ने की हमले की निंदा
विदेश मंत्रालय ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना और निर्दोष चालक दल के सदस्यों की जान जोखिम में डालना निंदनीय है. मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, ‘वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना, चालक दल के निर्दोष सदस्यों के जीवन को खतरे में डालना तथा जहाजरानी और व्यापार की स्वतंत्रता में बाधा पहुंचाना निंदनीय है और इससे बचा जाना चाहिए.’
भारतीय दूतावास कर रहा सहायता
विदेश मंत्रालय ने बताया कि यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित भारतीयों तथा उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं. मंत्रालय ने मारे गए भारतीय नागरिकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायल भारतीय नाविक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की.
ये भी पढ़ें: टोंक के मालपुरा में राज्य कर विभाग की कार्रवाई, फर्जी बिलिंग का बड़ा खेल बेनकाब, 4 फर्मों पर छापा



