राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) में चार साल बाद मंगलवार को चुनाव हुए। अध्यक्ष समेत छह पदों के लिए वोटिंग हुई, जिसमें 38 में से 35 वोटर्स ने मतदान किया। हालांकि, वोटिंग के बाद रिजल्ट घोषित नहीं किया जा सकेगा। सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के फैसले तक चुनाव परिणाम जारी करने पर रोक लगा दी है। सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट को मामले की जल्द सुनवाई कर आदेश जारी करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल मतदान वाली मतपेटी को सील कर सुरक्षित रखा गया है और चुनाव का परिणाम सीलबंद लिफाफे में रहेगा।
अध्यक्ष पद पर धनंजय सिंह और बृजकिशोर आमने-सामने
RCA के अध्यक्ष पद के लिए चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह और दौसा जिला क्रिकेट संघ के सचिव बृजकिशोर उपाध्याय के बीच मुकाबला है। छह पदों के लिए कुल 11 प्रत्याशी मैदान में हैं। उपाध्यक्ष और सचिव पद पर बीजेपी विधायक जसवंत यादव के बेटे मोहित यादव भी उम्मीदवार हैं। वहीं राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी के बेटे आशीष तिवाड़ी कोषाध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।
वोटिंग को लेकर धनंजय गुट ने उठाए सवाल
वोटिंग के बाद धनंजय सिंह ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि 11-12 ऐसे लोगों को एंट्री दी गई, जिनका क्रिकेट से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने कहा कि डीडवाना-कुचामन, खैरथल-तिजारा और बालोतरा क्रिकेट संघ नए जुड़े हैं। इनके सचिव AGM में पहुंचे, लेकिन उन्होंने मतदान नहीं किया। धनंजय सिंह के मुताबिक इस संबंध में चुनाव आयोग को शिकायत दी गई है। धनंजय गुट के कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशी आशीष तिवाड़ी ने भी आरोप लगाया कि एक कैबिनेट रैंक के व्यक्ति की मौजूदगी में वोटर्स प्रभावित हुए या नहीं, इसकी जांच होनी चाहिए। चुनाव के दौरान राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी भी RCA पहुंचे।
सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव पर नहीं, रिजल्ट पर लगाई रोक
RCA की एडहॉक कमेटी के पूर्व कन्वीनर और बीजेपी नेता दीनदयाल कुमावत और मेघा गौड़ ने चुनाव पर रोक लगाने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। दीनदयाल कुमावत ने अध्यक्ष पद से अपना नामांकन वापस ले लिया था। सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव पर रोक लगाने से इनकार कर दिया, लेकिन रिजल्ट जारी करने पर रोक लगा दी। अब हाईकोर्ट में मामले की सुनवाई और फैसले के बाद ही चुनाव परिणाम घोषित किया जा सकेगा।
कार्यकारी सदस्य पद पर अरिष्ट सिंघवी का निर्विरोध निर्वाचन तय
वोटिंग से पहले RCA की AGM में कार्यकारी सदस्य पद के प्रत्याशी धर्मवीर सिंह शेखावत ने अपना नामांकन वापस ले लिया। उन्होंने कहा कि उनका नामांकन गलती से रह गया था और वे चुनावी मुकाबले में शामिल नहीं हैं। नामांकन वापसी के बाद बृजकिशोर गुट के अरिष्ट सिंघवी का कार्यकारी सदस्य पद पर निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है।



