जयपुर के बिंदायका थाना इलाके में प्रेग्नेंट महिला की हत्या कर शव को मकान के लॉन में दफनाने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी प्रवेश रावत (22) उत्तर प्रदेश के बाराबंकी का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, मृतका किरण (32) रिश्ते में आरोपी की चाची लगती थी। दोनों जनवरी में यूपी से जयपुर आए थे और पिछले करीब दो महीने से किराए के मकान में साथ रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार, प्रवेश को किरण पर किसी दूसरे व्यक्ति से फोन पर बात करने का शक था। इसी शक के चलते 23 सितंबर की अलसुबह उसने कथित तौर पर किरण का गला दबाकर हत्या कर दी। किरण करीब छह महीने की गर्भवती थी।
शव को लॉन में दफनाया
हत्या के बाद प्रवेश ने शव को कमरे में रखा और उसे ठिकाने लगाने की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, उसने मकान के आगे बने लॉन में गड्ढा खोदा और शव को उसमें दफना दिया। इसके ऊपर नमक डालकर मिट्टी से गड्ढा भर दिया। इसके बाद आरोपी ने मकान लॉक किया और सामोद हनुमान मंदिर दर्शन के लिए चला गया। 25 और 26 सितंबर को वह सामान्य तरीके से फैक्ट्री में काम करता रहा, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
बदबू आने पर खुला राज
27 सितंबर को मकान मालिक कृष्ण कुमार मीणा मकान की देखरेख के लिए पहुंचे। प्रवेश का मोबाइल बंद था। लॉन में खुदाई के निशान दिखाई दिए और वहां से तेज बदबू आ रही थी। शक होने पर उन्होंने प्रवेश के जीजा को बुलाया। मिट्टी हटाने पर महिला का हाथ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही बिंदायका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। महिला की पहचान किरण के रूप में हुई। पोस्टमॉर्टम के लिए शव को कांवटिया हॉस्पिटल भेजा गया।
मोबाइल बंद कर यूपी भागा
शव मिलने के बाद पुलिस ने प्रवेश की तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि जयपुर से भागने से पहले 27 सितंबर की सुबह उसने फैक्ट्री के ठेकेदार से 500 रुपए उधार लिए थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसका पीछा किया। पुलिस के मुताबिक, प्रवेश ने मोबाइल बंद कर दिया था और जयपुर से बाहर निकल गया था। बाद में मोबाइल ऑन करने पर उसकी लोकेशन यूपी बॉर्डर के पास मिली, जहां पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस को गुमराह करने के लिए बताई सुसाइड की कहानी
पूछताछ में प्रवेश ने खुद को बचाने के लिए पुलिस को बताया कि किरण ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उसका दावा था कि घर पहुंचने पर उसने किरण को फंदे से लटका देखा और डर के कारण शव को नीचे उतारकर दफना दिया। हालांकि, पुलिस जांच में हत्या की बात सामने आने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में पुलिस आगे पूछताछ कर रही है।



