Monday, November 9, 2026
HomeCrime Newsधौलपुर में कुएं में डूबने से पिता-पुत्र की मौत, मां को पुलिस...

धौलपुर में कुएं में डूबने से पिता-पुत्र की मौत, मां को पुलिस ने सुरक्षित बचाया

धौलपुर में दिवाली की रात कुएं में गिरने से पिता और बेटे की मौत हो गई, जबकि मां को पुलिस ने सुरक्षित बचा लिया। परिवार ने घटना के पीछे लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

धौलपुर: राजस्थान के धौलपुर में दिवाली की रात एक परिवार के लिए जिंदगी का सबसे दुखद दिन बन गई। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के तीन सदस्य कुएं में गिर गए। हादसे में पिता और छोटे बेटे की मौत हो गई, जबकि पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मां को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव के अनुसार, रविवार रात पप्पू उर्फ सुरेश, उनकी पत्नी सरोज और बेटा इंद्रेश कुएं में गिर गए थे। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। कार्यवाहक सीओ धर्म सिंह मीणा और थाना प्रभारी रामकिशन यादव भी पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू की कमान संभाली।

पुलिसकर्मियों ने कुएं में सीढ़ियां डालीं और एक जवान को पानी में उतारा। इसके बाद सीढ़ी और रस्सी की मदद से 55 वर्षीय सरोज को बाहर निकाल लिया गया। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। वहीं, सुरेश और उनके बेटे इंद्रेश के शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए।

यह खबर भी पढ़ें:-UP में मौत बनकर दौड़ी रफ्तार! 3 भीषण सड़क हादसों में 10 लोगों की मौत

10 दिन से जमीन विवाद को लेकर परेशान थे सुरेश

मृतक के बड़े बेटे राजेश ने बताया कि उनके खेत के पास मंदिर की जमीन है। मंदिर ट्रस्ट खेत के कुछ हिस्से पर अपना दावा कर रहा है। इस जमीन को लेकर अजमेर की अदालत में भी मामला चल रहा है। राजेश के मुताबिक, पिछले करीब 10 दिनों से उनके पिता सुरेश जमीन विवाद को लेकर परेशान थे।

राजेश ने बताया कि दिवाली की रात उनके पिता खेत में टहल रहे थे। इसी दौरान वह कुएं में गिर गए। उन्हें बचाने के लिए छोटा भाई इंद्रेश और मां सरोज भी कुएं में उतर गए। इस घटना में पिता और छोटे भाई की जान चली गई, जबकि मां को बचा लिया गया।

परिवार ने परिवाद में लगाए गंभीर आरोप

घटना के बाद सोमवार सुबह राजेश ने कोतवाली थाने में परिवाद दिया। इसमें परिवार की पुश्तैनी खातेदारी जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद का उल्लेख किया गया है। परिवाद में आरोप लगाया गया है कि भू-माफिया और मंदिर के पुजारी ने जमीन पर कब्जे की नीयत से मुकदमा शुरू कराया था।

परिवाद के अनुसार, वर्ष 2019 में राजस्व बोर्ड से फैसला आने के बाद सुरेश ने हाईकोर्ट की जयपुर पीठ में अपील करने की तैयारी की थी। परिवार का आरोप है कि इसी दौरान महंत हनुमानदास सहित लोचन सिंह गुर्जर, सीपी पंडित, महेश गुप्ता और संजय पहलवान उनके घर पहुंचे और हाईकोर्ट में अपील नहीं करने का दबाव बनाया।

परिवार की ओर से यह भी आरोप लगाया गया है कि सुरेश से अपील के बजाय राजस्व बोर्ड में रिव्यू याचिका दाखिल करवाई गई और जमीन का बंटवारा भी करा दिया गया। परिवाद में करीब 10 महीने पहले हुई एक अन्य घटना का जिक्र करते हुए कहा गया है कि आरोपियों ने सुरेश को खेत में बच्चों के कारोबार के लिए निर्माण कराने की सलाह दी थी। इसके बाद उन्होंने अपनी करीब 40 लाख रुपये की जमा पूंजी निर्माण कार्य में लगा दी।

यह खबर भी पढ़ें:-कैंसर मरीजों को बड़ी राहत! आज से दवाएं हुईं सस्ती, कीमतों में 96% तक कटौती

परिवार में पसरा मातम, पुलिस ने शुरू की जांच

सुरेश खेती-बाड़ी का काम करते थे। उनके परिवार में दो बेटे राजेश और इंद्रेश तथा तीन बेटियां रीना, ज्योति और संजना हैं। दिवाली की रात हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस ने राजेश की ओर से दिए गए परिवाद के आधार पर जांच शुरू कर दी है। जमीन विवाद और परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल, मामले में जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image