Monday, November 9, 2026
HomeCrime Newsजयपुर में कैफे संचालक पर लाठी-डंडों से हमला, महिला कर्मचारी के दोस्त...

जयपुर में कैफे संचालक पर लाठी-डंडों से हमला, महिला कर्मचारी के दोस्त से विवाद की आशंका, सिर का करना पड़ा ऑपरेशन

जयपुर के वैशाली नगर में कैफे बंद कर घर लौट रहे संचालक मयंक गोपालिया पर बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट के बाद उनका ऑपरेशन करना पड़ा। पुलिस महिला कर्मचारी के दोस्त से विवाद के एंगल सहित CCTV फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।

जयपुर। राजधानी जयपुर के वैशाली नगर इलाके में कैफे बंद कर घर लौट रहे संचालक पर कुछ युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक को सड़क पर गिरने के बाद भी पीटना जारी रखा। सिर में गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी उसे मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।

घायल की पहचान वैशाली नगर निवासी 34 वर्षीय मयंक गोपालिया के रूप में हुई है। वह वैशाली मार्ग पर ओवन द बेकरी कैफे चलाते हैं। घटना 5 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे की बताई जा रही है। रविवार को घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

गली के मोड़ पर घात लगाकर किया हमला

वैशाली नगर थाना प्रभारी अरविंद सिंह शेखावत के अनुसार, कैफे बंद करने के बाद मयंक पैदल घर लौट रहे थे। कैफे से कुछ दूरी पर गली के मोड़ के पास पहले से कुछ युवक मौजूद थे। मयंक के वहां पहुंचते ही हमलावर पीछे से दौड़कर आए और उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

सिर पर गंभीर चोट लगने से मयंक सड़क पर गिर पड़े। इसके बावजूद हमलावर उन पर डंडे बरसाते रहे। वारदात के बाद आरोपी बाइक और स्कूटी पर सवार अपने अन्य साथियों के साथ फरार हो गए।

सिर में गंभीर चोट, डॉक्टरों को करना पड़ा ऑपरेशन

हमले के बाद मयंक सड़क पर खून से लथपथ हालत में पड़े थे। वहां से गुजर रहे लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। सिर में गंभीर चोट आने के कारण डॉक्टरों को उनका ऑपरेशन करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची, जहां मयंक बेहोशी की हालत में मिले। पुलिस ने परिजनों और कैफे कर्मचारियों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई है।

महिला कर्मचारी के दोस्त से विवाद की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में कैफे में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी के दोस्त से विवाद की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह युवक अक्सर कैफे में महिला कर्मचारी से मिलने आता था। इस पर कैफे संचालक मयंक ने आपत्ति जताई थी।

जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन दोपहर में भी इसी बात को लेकर महिला कर्मचारी और मयंक के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसके बाद महिला कर्मचारी का दोस्त मयंक को जान से मारने की धमकी देकर वहां से चला गया था। पुलिस इस विवाद को हमले की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है।

यह खबर भी पढ़ें:-राजस्थान में दिवाली की रात आग का तांडव, पाली में कांग्रेस पार्षद और पति की मौत, कई जिलों में करोड़ों का नुकसान

CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश

थाना प्रभारी अरविंद सिंह शेखावत ने बताया कि शनिवार रात तक मयंक बयान देने की स्थिति में नहीं थे। रविवार दोपहर परिजनों की शिकायत पर FIR दर्ज की गई। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला कर्मचारी के दोस्त से विवाद को हमले की वजह माना जा रहा है, हालांकि आरोपियों की पहचान और हमले की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image