Monday, November 9, 2026
HomeIndiaराजस्थान में दिवाली की रात आग का तांडव, पाली में कांग्रेस पार्षद...

राजस्थान में दिवाली की रात आग का तांडव, पाली में कांग्रेस पार्षद और पति की मौत, कई जिलों में करोड़ों का नुकसान

दीपावली की रात राजस्थान के कई जिलों में पटाखों की चिंगारी से आग लगने की घटनाएं हुईं। पाली में कांग्रेस पार्षद और उनके पति की मौत हो गई, जबकि जयपुर, सीकर, उदयपुर, कोटा, जालोर और बीकानेर में भारी नुकसान हुआ।

जयपुर। राजस्थान में दीपावली का त्योहार कई परिवारों के लिए हादसों की रात बन गया। पटाखों की चिंगारी से प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं। जयपुर, सीकर, उदयपुर, कोटा, जालोर, बीकानेर और पाली में दुकानों, शोरूम, गोदामों, ढाबों और रिहायशी इलाकों में आग ने भारी नुकसान पहुंचाया। सबसे दर्दनाक हादसा पाली जिले के फालना में हुआ, जहां पटाखों की दुकान में लगी आग की चपेट में आने से कांग्रेस पार्षद ऊषा पूनमिया और उनके पति प्रकाश की मौत हो गई। कई जगह दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी।

जयपुर में शोरूम, गोदाम और सोसाइटी में लगी आग

राजधानी जयपुर में दीपावली की रात कई जगह आग लगने की घटनाएं हुईं। वैशाली नगर स्थित रंगोली गार्डन सोसाइटी की 11वीं मंजिल पर भीषण आग लग गई। वहीं, झोटवाड़ा के अंबिका विहार प्रेम नगर में मंडप साड़ी शोरूम में रात करीब 11 बजे आग भड़क उठी। दमकलकर्मियों ने सुबह तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया। शोरूम से महज 10 मीटर की दूरी पर गैस गोदाम होने के कारण बड़ा हादसा होने का खतरा भी बना हुआ था।

खातीपुरा रोड पर गद्दों के शोरूम और फर्नीचर की दुकान में आग से लाखों रुपये का सामान जल गया। रामपुरा रोड स्थित सुंदर नगर में कपड़ों के गोदाम में भी पटाखे की चिंगारी से आग लग गई। सूचना पर मुहाना थाना पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाई।

यह खबर भी पढ़ें:-जयपुर से ब्रिटेन तक दिवाली का जश्न, विदेशी मेहमानों ने मनाई दिवाली

पाली में कांग्रेस पार्षद और पति की मौत

पाली जिले के फालना कस्बे में रविवार रात पटाखों की दुकान में भीषण आग लग गई। आग ने आसपास की दो अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में खुडाला-फालना नगर पालिका की कांग्रेस पार्षद ऊषा पूनमिया की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि उनके पति और दुकान के मालिक प्रकाश जिंदा जल गए। दोनों को बचाने की कोशिश में प्रकाश के बड़े भाई भी झुलस गए। इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है।

सीकर में भाजपा पार्षद के गोदाम में आग

सीकर जिले के श्रीमाधोपुर में देर रात आग लगने की दो घटनाएं सामने आईं। नवोडी कॉलोनी में भाजपा पार्षद श्यामसुंदर नारनौली के गोदाम में रात करीब पौने 12 बजे आग लग गई। गोदाम से धुआं उठता देखकर एक राहगीर ने नगरपालिका को सूचना दी। दमकल की टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से गोदाम में काफी नुकसान हुआ। वहीं, वार्ड 18 के साध्यावाली इलाके में महेंद्र सिंह शेखावत के खेत में रखी कड़बी में भी आग लग गई। समय रहते दमकल की मदद से आग बुझा दी गई।

उदयपुर में रॉकेट गिरने से ढाबे में आग

उदयपुर शहर में भी दो जगह आग लगने की घटनाएं हुईं। सेक्टर-14 में रात करीब 10 बजे एक रॉकेट ढाबे पर गिर गया, जिससे आग भड़क उठी। दमकल की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि आग गैस सिलेंडर तक नहीं पहुंची।

दूसरी घटना रेती स्टैंड स्थित कार सर्विस गैराज में हुई। यहां पटाखे की चिंगारी से झाड़ियों और पास खड़ी कार में आग लग गई। गैराज संचालक मेहफूज अहमद और उनके साथियों ने बोरिंग के पानी से आग बुझाकर बड़े नुकसान को टाल दिया।

जालोर में तीन परिवारों के झोंपड़े जलकर राख

जालोर जिले के देच्छू गांव में आग लगने से भील समाज के तीन परिवारों के झोंपड़े जलकर राख हो गए। आग में घरों में रखा घरेलू सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं भी जल गईं। दीपावली के दिन हुए इस हादसे से प्रभावित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बीकानेर में स्क्रैप के बाड़े में तीन घंटे तक आग

बीकानेर के रानीसर बास में सोमवार तड़के कूलर स्क्रैप के बाड़े में भीषण आग लग गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग पटाखों की चिंगारी से लगी। आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठने लगीं और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

लोगों ने खुद आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद नगर निगम की चार दमकलें मौके पर पहुंचीं। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पार्षद विक्रम सिंह राजपुरोहित, अनूप गहलोत और अयूब कायमखानी भी मौके पर पहुंचे।

यह खबर भी पढ़ें:-कोटा में दिवाली की रात आग का तांडव! 11 घंटे में 36 जगह लगी आग, फायर फाइटर्स ने संभाला मोर्चा

कोटा में 30 से ज्यादा जगह आग लगने की सूचना

कोटा शहर में दीपावली के दिन शाम 5 बजे से देर रात डेढ़ बजे तक आग लगने की 30 से ज्यादा सूचनाएं दमकल कंट्रोल रूम को मिलीं। खाली प्लॉट, रिहायशी मकान, खेत, जंगल और सरकारी परिसरों में आग लगने से अफरा-तफरी मची रही।

महावीर नगर थाने में खड़ी जब्तशुदा बाइकें भी आग की चपेट में आ गईं। आवली रोजड़ी में पराली से भरी ट्रॉली और गिरधरपुरा व रेलवे कॉलोनी में पराली के ढेर में आग लग गई। दमकलकर्मियों ने अलग-अलग जगह पहुंचकर आग पर काबू पाया। इन घटनाओं में किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है।

कई जिलों में दमकलकर्मियों ने संभाला मोर्चा

दीपावली की रात प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आग की घटनाओं ने अग्निशमन व्यवस्थाओं के सामने चुनौती खड़ी कर दी। जयपुर में शोरूम और गोदामों से लेकर कोटा में खाली प्लॉट और खेतों तक आग फैलने की घटनाएं सामने आईं। पाली में दो लोगों की जान चली गई, जबकि कई जगह लाखों और करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image