Monday, November 9, 2026
HomeLatest Newsकोटा में दिवाली की रात आग का तांडव! 11 घंटे में 36...

कोटा में दिवाली की रात आग का तांडव! 11 घंटे में 36 जगह लगी आग, फायर फाइटर्स ने संभाला मोर्चा

कोटा। दीपावली के उल्लास के बीच राजस्थान के कोटा शहर में पटाखों की चिंगारियों ने कई जगह आगजनी की घटनाओं को जन्म दे दिया। रविवार रात से सोमवार तड़के तक शहर में आग लगने की 36 से ज्यादा सूचनाएं सामने आईं। हालात ऐसे रहे कि नगर निगम के अग्निशमन विभाग की दमकल गाड़ियां पूरी रात एक स्थान से दूसरे स्थान तक दौड़ती रहीं। राहत की बात यह रही कि इतनी बड़ी संख्या में आगजनी की घटनाओं के बावजूद किसी नागरिक की मौत या गंभीर रूप से झुलसने की सूचना नहीं मिली। आग बुझाने के लिए 32 दमकल वाहनों और करीब 150 फायर फाइटर्स को मोर्चे पर लगाया गया।

रातभर मुस्तैद रहे 150 फायर फाइटर्स

नगर निगम कोटा के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) राकेश व्यास के अनुसार, दीपावली को देखते हुए अग्निशमन विभाग पहले से ही हाई अलर्ट पर था। आग लगने की लगातार सूचनाएं मिलने के बाद 32 दमकल वाहनों और करीब 150 अग्निशमन कर्मियों को अलग-अलग इलाकों में तैनात किया गया। अधिकांश कॉल रात 9 बजे से 12 बजे के बीच आईं। इस दौरान कॉल सेंटर पर हर दो से तीन मिनट में आग लगने की सूचना मिल रही थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आसमान में छोड़े गए रॉकेट और ऊंचाई तक जाने वाले पटाखों की चिंगारियां आसपास गिरने से ज्यादातर जगह आग लगी।

रेलवे कॉलोनी में हाइड्रोलिक दमकल से बुझाई आग

कोटा के रेलवे कॉलोनी इलाके में आग बुझाने के लिए दमकल विभाग को विशेष इंतजाम करने पड़े। यहां एक तीन मंजिला मकान की छत पर बने कमरे में आग लग गई थी। कमरा ऊंचाई पर होने के कारण सामान्य दमकल वाहनों से पानी की बौछार वहां तक पहुंचाना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में मौके पर हाइड्रोलिक दमकल वाहन बुलाया गया। इसकी मदद से दमकलकर्मी ऊंचाई पर पहुंचे और पानी डालकर आग पर काबू पाया।

पुलिस थाने में खड़े वाहनों से लेकर फर्नीचर शॉप तक लगी आग

दीपावली की रात कोटा के कई प्रमुख इलाकों में आगजनी की घटनाएं सामने आईं।

  • महावीर नगर पुलिस स्टेशन में जब्त किए गए पुराने दोपहिया और चारपहिया वाहनों में आग लग गई।
  • महावीर नगर में एक विद्युत ट्रांसफार्मर में आग भड़क उठी।
  • विज्ञान नगर में नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहन में आग लगी।
  • कैथूनीपोल थाने के सामने स्थित फर्नीचर की दुकान आग की चपेट में आई।
  • आरके पुरम के एक बड़े गोदाम में आग लगने की सूचना मिली।
  • स्टेशन रोड और झालावाड़ रोड स्थित राजीव गांधी नगर की बहुमंजिला इमारतों में भी आग की घटनाएं सामने आईं।

दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग को फैलने से रोकने और बुझाने का काम किया।

शाम 5 बजे से शुरू हुआ आग लगने का सिलसिला

आग लगने की पहली सूचना शाम करीब 5 बजे आवली रोजड़ी इलाके से मिली थी। यहां गोबर के कंडों में आग लग गई थी। इसके बाद शहर के अलग-अलग हिस्सों से लगातार कॉल आती रहीं। सोमवार तड़के करीब 5 बजे तक दमकल विभाग का अभियान जारी रहा। इस दौरान शहर में तीन दर्जन से अधिक स्थानों पर आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ियां पहुंचीं।

इन इलाकों में रातभर दौड़ती रहीं दमकल की गाड़ियां

कोटा के शिवपुरा, जगपुरा, तलवंडी, कुन्हाड़ी, श्रीनाथपुरम, वल्लभबाड़ी, कैथून, बोरखेड़ा, रंगबाड़ी, नयापुरा और कोटड़ी सहित कई इलाकों में आग लगने की सूचनाएं मिलीं। कई जगह खाली प्लॉट, कचरे के ढेर और सूखी झाड़ियों में पटाखों के अवशेष गिरने से आग लगी। अधिकारियों के मुताबिक, दमकलकर्मियों की समय पर कार्रवाई से आग को बड़े हादसे में बदलने से रोकने में मदद मिली।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image