जयपुर। दीपावली का पर्व इस बार भारत ही नहीं, बल्कि सात समंदर पार भी भारतीय संस्कृति और परंपराओं की रोशनी बिखेरता नजर आया। राजस्थान की लोक संस्कृति ने ब्रिटेन में विदेशी दर्शकों का दिल जीत लिया, तो जयपुर के आमेर में स्पेनिश भाषी देशों से आए मेहमान भारतीय परंपराओं के रंग में रंगे नजर आए। ब्रिटेन के ऐतिहासिक कॉर्फ कैसल में पहली बार आयोजित दीपावली समारोह में राजस्थान के घूमर और कालबेलिया नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां हुईं। वहीं आमेर में विदेशी मेहमानों ने भारतीय रीति-रिवाजों के अनुसार दीपावली मनाई।
ब्रिटेन के ऐतिहासिक कॉर्फ कैसल में पहली बार मनी दिवाली
ब्रिटेन के डॉर्सेट स्थित ऐतिहासिक कॉर्फ कैसल में रविवार को पहली बार भव्य दीपावली समारोह आयोजित किया गया। बोर्नमथ, पूल और क्राइस्टचर्च (BPC) इंडियन कम्युनिटी ने नेशनल ट्रस्ट के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया। समारोह में 1100 से अधिक लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में भारतीय खान-पान, संगीत, नृत्य और पारिवारिक गतिविधियों के जरिए भारतीय संस्कृति की विविधता देखने को मिली। शाम को दीप प्रज्ज्वलन के साथ ऐतिहासिक किला रोशनी से जगमगा उठा।
घूमर और कालबेलिया पर झूमे विदेशी मेहमान
इस आयोजन का खास आकर्षण जयपुर मूल की लोक कलाकार गरिमा कछावा और उनके समूह ‘रजवाड़ी रूट्स’ की प्रस्तुतियां रहीं। कलाकारों ने राजस्थान की समृद्ध लोक संगीत और नृत्य परंपराओं को विदेशी दर्शकों के सामने पेश किया। कार्यक्रम की शुरुआत लोकदेवता बाबा रामापीर को समर्पित पारंपरिक तेरह ताली नृत्य से हुई। इसके बाद ‘पधारो म्हारे देस’ की प्रस्तुति के जरिए राजस्थान की अतिथि सत्कार परंपरा का संदेश दिया गया। पारंपरिक घूमर और कालबेलिया नृत्य ने दर्शकों को राजस्थान की लोक संस्कृति से रूबरू कराया। वहीं लोकप्रिय राजस्थानी लोकगीत ‘चौधरी’ पर आधारित प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। समारोह में बोर्नमथ के मेयर काउंसलर रॉबर्टो रोक्का, पूल की मेयर काउंसलर ट्रेसी न्यूमैन और वेयरहम के मेयर काउंसलर कीथ क्रिचली भी शामिल हुए।
आमेर में स्पेनिश मेहमानों ने मनाई भारतीय परंपरा से दिवाली
उधर जयपुर के ऐतिहासिक आमेर में स्पेनिश भाषी देशों से आए विदेशी मेहमानों ने भारतीय परंपराओं के अनुसार दीपावली मनाई। स्पेनिश गुरुकुल की ओर से Indo-Spanish Cultural Exchange Programme के तहत इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विदेशी पर्यटकों ने पूरे उत्साह के साथ दीपोत्सव में हिस्सा लिया। गुरुकुल के विद्यार्थियों ने स्पेनिश भाषा में मेहमानों को दीपावली के धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व के बारे में जानकारी दी। छात्रों ने बताया कि दीपावली प्रकाश, खुशियों और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक पर्व है। खास बात यह रही कि भारतीय त्योहार की परंपराओं और संदेश को विदेशी मेहमानों तक उनकी अपनी भाषा में पहुंचाया गया।
विदेशी मेहमानों ने किया दीप प्रज्ज्वलन, चखा भारतीय व्यंजनों का स्वाद
कार्यक्रम के दौरान विदेशी मेहमानों ने स्वयं दीप प्रज्ज्वलित किए और भारतीय मिठाइयों तथा पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया। उन्होंने भारतीय परिवारों के साथ समय बिताकर यहां की पारिवारिक परंपराओं और अतिथि सत्कार को करीब से समझा। इस दौरान भारतीय और स्पेनिश संस्कृति, भाषा, खान-पान और रीति-रिवाजों को लेकर भी रोचक संवाद हुआ।



