पाली। राजस्थान के पाली जिले के फालना में दिवाली के दौरान बड़ा हादसा हो गया। फालना चौराहे के पास स्थित एक पटाखे की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की दो अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग गंभीर रूप से झुलस गया। वहीं, एक महिला पार्षद सहित दो लोगों की तलाश जारी है।
पटाखा दुकान में रॉकेट गिरने से लगी आग
जानकारी के अनुसार, फालना चौराहे के नजदीक संचालित पटाखे की दुकान पर पटाखे चलाने के दौरान एक रॉकेट आकर गिर गया। इसके बाद दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास की बैटरी तथा किराना दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में तीनों दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग की भयावहता को देखते हुए फालना, बाली, रानी, सादड़ी सहित आसपास के क्षेत्रों से दमकल की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया।
हादसे में एक व्यक्ति की मौत, बुजुर्ग जोधपुर रेफर
इस भीषण अग्निकांड में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, गौतम चंद्र पूनमिया नामक बुजुर्ग गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें उपचार के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत चिंताजनक होने पर जोधपुर रेफर कर दिया गया। आग बुझाने और राहत कार्य के दौरान प्रशासन तथा पुलिस के अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहे।
महिला पार्षद सहित दो लोगों की तलाश जारी
हादसे के बाद एक महिला पार्षद सहित दो लोगों का पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि दोनों पति-पत्नी हैं और घायल बुजुर्ग के परिवार के सदस्य हैं। दोनों के मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहे हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का काम लगातार जारी है। प्रशासन का कहना है कि मलबा पूरी तरह हटने के बाद ही घटनास्थल की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
सुबह 4 बजे तक आग पर पाया गया काबू
आग की सूचना मिलने के बाद अतिरिक्त जिला कलेक्टर शैलेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, बाली पुलिस उपाधीक्षक और फालना थाना प्रभारी सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। फालना नगर पालिका अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों में सहयोग किया। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी, ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके। सुबह करीब 4 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इसके बाद भी लापता लोगों की तलाश और मलबा हटाने का रेस्क्यू अभियान जारी रहा। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता लापता पति-पत्नी का पता लगाना और हादसे के कारण हुए नुकसान का पूरा आकलन करना है।



