Monday, November 9, 2026
HomeIndiaकैंसर मरीजों को बड़ी राहत! आज से दवाएं हुईं सस्ती, कीमतों में...

कैंसर मरीजों को बड़ी राहत! आज से दवाएं हुईं सस्ती, कीमतों में 96% तक कटौती

नई दिल्ली। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों और उनके परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार के फैसले के बाद सोमवार, 9 नवंबर 2026 से कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 1,364 दवा फॉर्मूलेशन की संशोधित अधिकतम खुदरा कीमतें (MRP) लागू हो गई हैं। इस फैसले से मरीजों को महंगी दवाओं के खर्च में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। सरकार के अनुमान के मुताबिक, दवाओं की कीमतों में कटौती से उपभोक्ताओं को हर साल करीब 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत होगी। इस फैसले के तहत कई कैंसर रोधी दवाओं की कीमतों में भारी कमी की गई है। कुछ दवाओं की कीमतों में 96.45 प्रतिशत तक की कटौती हुई है। लंबे समय तक कैंसर का इलाज कराने वाले मरीजों और उनके परिवारों के लिए यह फैसला आर्थिक रूप से अहम माना जा रहा है।

137 कैंसर रोधी दवाओं पर ट्रेड मार्जिन की सीमा तय

राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने 137 कैंसर रोधी दवाओं पर ट्रेड मार्जिन की अधिकतम सीमा 30 प्रतिशत निर्धारित की है। यह फैसला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (DGHS) की विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य दवाओं की कीमतों में अनावश्यक बढ़ोतरी को रोकना और कैंसर के इलाज को आम लोगों की पहुंच में लाना है। ट्रेड मार्जिन की सीमा तय होने से दवाओं की बिक्री में निर्धारित मूल्य नियंत्रण लागू करने में मदद मिलेगी।

679 ब्रांड की कीमतों में 50 फीसदी से ज्यादा कटौती

मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 8 नवंबर तक 85 दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के 1,364 फॉर्मूलेशन की संशोधित MRP की जानकारी दी है। इनमें 679 ब्रांड ऐसे हैं, जिनकी कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की कटौती दर्ज की गई है। वहीं, एक दवा की कीमत में सबसे ज्यादा 96.45 प्रतिशत तक की कमी हुई है। सरकार के इस कदम से उन मरीजों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें कैंसर के इलाज के दौरान लगातार महंगी दवाएं खरीदनी पड़ती हैं।

नई MRP से ज्यादा कीमत वसूली तो होगी कार्रवाई

सरकार ने स्पष्ट किया है कि कोई भी मेडिकल स्टोर, दवा विक्रेता या अस्पताल की फार्मेसी संशोधित अधिकतम खुदरा कीमत (MRP) से अधिक राशि नहीं वसूल सकेगी। अस्पतालों और दवा विक्रेताओं को नई मूल्य सूची प्रदर्शित करनी होगी। इसके साथ ही संबंधित औषधि नियंत्रण अधिकारियों को नियमों के पालन की निगरानी की जिम्मेदारी दी जाएगी। अगर कोई मेडिकल स्टोर या अस्पताल की फार्मेसी निर्धारित कीमत से ज्यादा पैसे मांगती है, तो मरीज इसकी शिकायत कर सकते हैं।

Pharma Sahi Daam ऐप पर चेक करें दवाओं की नई कीमत

कैंसर मरीज और उनके परिजन अब अपनी दवाओं की संशोधित कीमतें ऑनलाइन भी देख सकते हैं। इसके लिए सरकार ने Pharma Sahi Daam मोबाइल ऐप और NPPA की आधिकारिक वेबसाइट की सुविधा दी है।

नई कीमतें देखने के लिए:

  • Pharma Sahi Daam मोबाइल ऐप का इस्तेमाल करें।
  • NPPA की आधिकारिक वेबसाइट https://nppa.gov.in पर जाएं।
  • संबंधित दवा का नाम और उसकी संशोधित MRP चेक करें।

ज्यादा पैसे मांगे तो यहां करें शिकायत

अगर कोई मेडिकल स्टोर, दवा विक्रेता या अस्पताल की फार्मेसी निर्धारित MRP से अधिक कीमत वसूलती है, तो मरीज Pharma Jan Samadhan पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा NPPA की हेल्पलाइन 1800-111-255 पर भी शिकायत की जा सकती है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image