जयपुर। देशभर में दीपावली का त्योहार कई परिवारों के लिए मातम में बदल गया। दिवाली की रात पटाखों और अन्य कारणों से अलग-अलग शहरों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं। इन हादसों में कुल 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए और कुछ के लापता होने की खबर है। सबसे ज्यादा जनहानि मध्य प्रदेश में हुई, जहां तीन अलग-अलग मकानों में आग लगने से 13 लोगों की जान चली गई। वहीं महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। राजस्थान के पाली में पटाखों की दुकान में भीषण आग लगने से दो लोगों की मौत हुई, जबकि तीन लोग लापता बताए गए। दिल्ली के नरेला में रॉकेट पटाखा एक 10 वर्षीय बच्चे के पेट में लग गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
मध्य प्रदेश में आग से 13 लोगों की मौत, कई बच्चे भी शामिल
मध्य प्रदेश में दिवाली की रात आगजनी की घटनाओं ने सबसे ज्यादा तबाही मचाई। यहां कटनी और सिवनी जिलों में अलग-अलग मकानों में आग लगने से 13 लोगों की मौत हो गई। कटनी जिले में एक मकान में लगी आग में एक ही परिवार के छह सदस्यों की जान चली गई। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। इनमें एक बच्चा महज दो महीने का था। वहीं सिवनी जिले में एक सराफा व्यापारी के मकान में आग लगने से छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 16 साल का एक किशोर भी शामिल बताया गया है। इन घटनाओं के बाद स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य किया।
महाराष्ट्र में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत
महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में भी दिवाली की रात बड़ा हादसा हुआ। यहां एक मकान में आग लगने से एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इसके अलावा मुंबई के लोखंडवाला इलाके में आग लगने की एक अन्य घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई। मुंबई के डोंगरी इलाके में आग से कई दुकानें और झुग्गियां जल गईं। वहीं दादर के कामगार स्टेडियम में लगी आग पर दमकलकर्मियों ने महज 17 मिनट में काबू पा लिया। ठाणे में 17 मंजिला इमारत में भी आग लगने की घटना सामने आई। हालांकि यहां किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
राजस्थान के पाली में पटाखों की दुकान में भीषण आग
राजस्थान के पाली जिले के फालना में दिवाली के दौरान पटाखों की दुकान में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते आसपास की दो अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोगों के लापता होने की सूचना है। आग की चपेट में तीन दुकानें और कई दोपहिया वाहन जलकर राख हो गए। घटना के बाद दमकल और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और रेस्क्यू अभियान चलाया।
दिल्ली में रॉकेट पटाखा लगने से 10 साल के बच्चे की मौत
राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में भी दर्दनाक हादसा हुआ। यहां रॉकेट पटाखा एक 10 वर्षीय बच्चे के पेट में लग गया, जिससे उसकी मौत हो गई। दीपावली पर पटाखों के कारण हुए इस हादसे ने एक बार फिर आतिशबाजी के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।
बांदा में कबाड़ की दुकान में आग, 25 लाख का नुकसान
उत्तर प्रदेश के बांदा में कबाड़ की दुकान में आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में करीब 20 से 25 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। वहीं पुणे में दिवाली की रात आग लगने की 63 घटनाएं सामने आईं। राहत की बात यह रही कि इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
जम्मू से नागपुर तक आगजनी की घटनाएं
जम्मू के नेहरू मार्केट में आग लगने से 12 से ज्यादा दुकानें जल गईं। वहीं नागपुर में एक टीवीएस शोरूम में आग लगने से कई दोपहिया वाहन जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा असम के जोनाई, पुणे के वडगांव शेरी, मुंबई के विद्याविहार, सिक्किम के गंगटोक में सरकारी आवास और गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं।
दमकल और पुलिस की टीमें राहत कार्य में जुटीं
देश के अलग-अलग राज्यों में आगजनी की घटनाओं के बाद दमकल विभाग और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं। कई जगहों पर आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। दिवाली की रात सामने आई इन घटनाओं ने त्योहार के दौरान आतिशबाजी और आग से सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कई परिवारों ने इस त्योहार पर अपने प्रियजनों को खो दिया।



