Monday, November 9, 2026
HomeLatest NewsUP में मौत बनकर दौड़ी रफ्तार! 3 भीषण सड़क हादसों में 10...

UP में मौत बनकर दौड़ी रफ्तार! 3 भीषण सड़क हादसों में 10 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश में सोमवार को तीन अलग-अलग जगहों पर हुए भीषण सड़क हादसों ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। मुजफ्फरनगर, चित्रकूट और लखनऊ में हुए इन हादसों में कुल 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं। सबसे दर्दनाक हादसा मुजफ्फरनगर में हुआ, जहां तेज रफ्तार कार डिवाइडर और बिजली के खंभे से टकराने के बाद आग का गोला बन गई। कार में सवार छह लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। वहीं चित्रकूट में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार लोगों की जान चली गई। दूसरी ओर लखनऊ में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों से भरी बस खाई में पलट गई, जिसमें बड़ी संख्या में यात्री घायल हो गए।

मुजफ्फरनगर में कार बनी आग का गोला, 6 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में सोमवार तड़के करीब 4:50 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। तितावी थाना क्षेत्र में जागाहेड़ी टोल के आगे फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर और बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। कार में सवार छह लोग अंदर ही फंस गए और बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद कार सवार सभी छह लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कार सवार हरियाणा से हरिद्वार की ओर जा रहे थे। पुलिस मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाने में जुटी है। हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।

चित्रकूट में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 4 की मौत

दूसरा बड़ा हादसा चित्रकूट जिले के रैपुरा थाना क्षेत्र में रामनगर के पास झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। यहां श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए। बताया जा रहा है कि श्रद्धालु धार्मिक आयोजन में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाला हुक टूट गया, जिससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें पांच लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज रेफर किया गया, जबकि सात अन्य घायलों का स्थानीय अस्पताल में उपचार जारी है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image